बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा रद्द किये जाने की मांग को लेकर चल रहा विवाद थम नहीं रहा है. सियासत का मुद्दा बन जाने के कारण इसको लेकर राजधानी पटना समेत विभिन्न जिलों में तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी बीच आज ही बीपीएससी 70वीं पीटी पुनर्परीक्षा करायी जा रही है. यह परीक्षा एक पाली में करवाई जा रही है और इसके लिए पटना में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहीं गर्दनीबाग और गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन जारी है. कई अभ्यर्थी लगातार धरना पर भी बैठे हुए हैं. बता दें कि विगत 13 दिसंबर को आयोजित बीपीएससी पीटी परीक्षा में पेपर लीक के आरोप लगे थे. खास तौर पर पटना के बापू परीक्षा केंद्र पर इसकी शिकायत आई थी. इस केंद्र पर कुल 12 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे. यहां हुए हंगामे के बाद बापू परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई थी और पनुर्परीक्षा करवाई जा रही है. हालांकि, कुल 12 हजार छात्रों में अब तक मात्र 7 हजार अभ्यर्थियों के ही एडमिटकार्ड डाउनलोड करने की जानकारी है.
बता दें कि परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा एडमिट कार्ड जारी किया गया था. आयोग और जिला प्रशासन ने 12 हजार अभ्यर्थियों के लिए तैयारी की है. इस बीच छात्र परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सड़कों पर हैं तो जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं. वहीं, एक दिन पहले तीन जनवरी को सांसद पप्पू यादव ने चक्का जाम का आह्वान किया था. जबकि नीतीश सरकार दोबारा परीक्षा कराने से पहले ही इनकार कर चुकी है.
वहीं, दूसरी ओर विपक्ष सरकार पर दबाव बना रहा है, लेकिन न तो बीपीएससी और न ही सरकार की ओर से कोई आश्वासन दिया जा रहा है. वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए छात्रों से जुड़ा यह मुद्दा और भी गरमा गया है. वहीं, छात्रों और राजनेताओं के साथ सरकार व प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है.
गौरतलब है कि बीपीएससी धरना प्रदर्शन हंगामा विरोध मामले में पटना पुलिस ने गुरु रहमान पर भी केस दर्ज किया है. उनपर छात्रों को भड़काने का आरोप लगाया गया है. कई दूसरे कोचिंग संचालकों पर भी केस दर्ज हुआ है. बताया जा रहा है कि पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज करवाई गई एफआईआर में गैर जमानती धाराएं लगाई गईं हैं. वहीं, शुक्रवार को चक्का जाम में कानून हाथ में लेने के आरोप में पटना के कोतवाली थाने में कांग्रेस और भाकपा माले के कई विधायकों पर केस दर्ज किया गया है.
परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन
BPSC की प्रारंभिक परीक्षा 13 दिसंबर को बिहार के 912 सेंटरों पर हुई थी। पटना के बापू परीक्षा परिसर में अभ्यर्थियों ने धांधली का आरोप लगाया था। इसके बाद बापू परीक्षा सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। आयोग ने 4 जनवरी को एक सेंटर पर फिर से एग्जाम लेने का नोटिफिकेशन निकाला। अभ्यर्थी लगातार मांग कर रहे हैं कि BPSC प्रारंभिक परीक्षा फिर से हो। इसको लेकर अभ्यर्थी गर्दनीबाग पर धरना दे रहे हैं।
शुक्रवार को महागठबंधन छात्र संगठन ने पटना में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। सीएम आवास का घेराव करने निकले छात्र संगठनों को पुलिस ने रोक दिया। इसके अलावा पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के समर्थकों ने बिहार रेल चक्का जाम किया। खुद पप्पू यादव पटना की सड़कों पर उतरे।
29 दिसंबर को गांधी मैदान में छात्रों पर लाठीचार्ज
29 दिसंबर 2024 रविवार को गांधी मैदान में छात्र संसद हुई। CM आवास की ओर बढ़ रहे कैंडिडेट्स पर तीसरी बार लाठीचार्ज किया गया। प्रशांत किशोर, उनकी पार्टी जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती, पूर्व IPS अफसर आनंद मिश्रा, कोचिंग संचालक रहमांशु मिश्रा समेत 21 लोगों पर नामजद और 600 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।







