देश के अलग-अलग राज्यों में ट्रेनों पर पथराव से लेकर उसे पलटाने की साजिश की घटना लगातार सामने आ रही है. इसी कड़ी में बिहार के गया जिले में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की जानकारी मिली है. गया के बंधुआ इलाके से गुजर रही वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई है. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार वंदे भारत ट्रेन जमशेदपुर टाटा से चलकर गोमो नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन होते हुए गया की तरफ आ रही थी. इसी बीच बंधुआ और टनकुप्पा स्टेशन के बीच कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी, जिसमें इंजन से सटे दूसरे कोच के सीट नंबर 4 की खिड़की के कांच टूट गए.
इस घटना के बाद धनबाद रेल मंडल के कोडरमा आरपीएफ पोस्ट अंतर्गत पहाड़पुर आउटपोस्ट से दल-बल के साथ पदाधिकारी और जवानों को इसकी जांच के लिए भेजा गया. आरपीएफ ने ट्रेन पर पत्थरबाजी को लेकर एफआईआर भी दर्ज कर ली है. बता दें कि वंदे भारत को शरारती तत्व खास तौर पर निशाना बना रहे हैं. इससे पहले भी रांची में वंदे भारत पर पत्थरबाजी की गई थी.
बीते 5 सितंबर को भी रांची से चलकर पटना जाने वाली वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ था. ट्रेन नंबर 22350 ट्रेन पर हजारीबाग के चरही एवं बेस रेलवे स्टेशन के बीच में पथराव हुआ, जिससे ट्रेन को नुकसान पहुंचा और बोगी नंबर E-1 वन की सीट नंबर 5 और 6 के पास का ग्लास पूरी तरह टूट गया. हालांकि, इससे अंदर बैठे किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा. लेकिन देश के सबसे हाई क्लास ट्रेनों में से एक वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा में यह चूक है. हालांकि अभी इस पर किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि अधिकारियों ने नहीं की है कि ये पत्थर किसने चलाये एवं ये घटना कैसे घटित हुई.







