अक्टूबर में इस्लामाबाद में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शासनाध्यक्षों के शिखर सम्मेलन के लिए पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह निमंत्रण मिलने की पुष्टि भी कर दी है। मगर सवाल है कि क्या पीएम मोदी पाकिस्तान के निमंत्रण पर एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इस्लामाबाद जाएंगे या नहीं? यह अपने आप में बड़ा सवाल है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह जरूर बता दिया है कि पाकिस्तान ने पीएम मोदी को सम्मेलन में शामिल होने का न्यौता भेजा है, मगर यह नहीं बताया कि प्रधानमंत्री इसमें शामिल होंगे या नहीं। इसलिए सबकी निगाहें इस पर बनी रहेंगी।
ये देश हैं एससीओ के सदस्य
पाकिस्तान अक्टूबर में एससीओ सम्मेलन की मेजबानी करेगा। वहीं विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने पाकिस्तान में अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘15-16 अक्टूबर को होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए देशों के शीर्ष नेतृत्वों को निमंत्रण भेजे गए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी निमंत्रण भेजा गया है।’’ उन्होंने कहा कि कुछ देशों ने बैठक में भाग लेने की पुष्टि पहले ही कर दी है, उनके नाम साझा किये जायेंगे। बता दें कि एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने एक शिखर सम्मेलन में की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे।







