आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चार जिलों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पूर्णिया में संतोष कुशवाहा के समर्थन में मुख्यमंत्री ने वोट मांगे। सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा है कि संतोष कुशवाहा के लिए प्रधानमंत्री वोट मांग चुके हैं। इन्हें जितवाइए।
मुख्यमंत्री ने लोगों से पूछा कि आप इन्हें वोट देंगे या नहीं। हम बिहार में 40 और देश में 400 सीटें जीतेंगे। नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
नीतीश कुमार ने लालू-तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सब अपने में ही लगे रहते हैं। ये आपके लिए कुछ नहीं कर पाएंगे। हमने लड़कियों को पढ़ाया जिससे प्रजनन दर कम हुई है। हम किसी काम को छोड़ते नहीं है। पूर्णिया को जल्द एयरपोर्ट मिलेगा।
किशनगंज में बोले- हमने मदरसों को मान्यता दी
मुख्यमंत्री किशनगंज के बेलवा में जदयू प्रत्याशी मुजाहिद आलम के समर्थन में सभा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुसलमानों के लिए लोग सिर्फ बोलते हैं, हमने किया है। मैंने जो किया वो भूलना मत, आप लोगों के लिए बहुत सारा काम किया है, आगे भी करेंगे।
सीएम ने कहा हमने कब्रिस्तानों की घेराबंदी की। मदरसों को इन लोगों ने मान्यता नहीं दिलाई। हमारी सरकार ने आपके मदरसों को मान्यता दी। सरकारी शिक्षकों के बराबर मदरसे के शिक्षकों का सैलरी दी। इन लोगों ने किसी को नौकरी नहीं दी। हमने सब करवाया है। अब सब गिनवा रहे हैं।
बिना नाम लिए लालू परिवार पर बरसे सीएम
किशनगंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू यादव पर जमकर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि खुद जेल गए तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। परिवार को आगे बढ़ाते गए। पहले बेटा, अब बेटी। आगे कौन आएगा पता नहीं।
2005 के पहले बिहार में कुछ नहीं था: सीएम
2005 के पहले बिहार में कुछ भी नहीं था, हम आए तो करवाया। 2005 के पहले बिहार का क्या हाल था, शाम में कोई निकल नहीं पाता था। हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। ये लोग झगड़ा करवाते थे। ये तो आप हैं जो हमेशा मेरे साथ रहे। पहले पढ़ाई और स्वास्थ्य की स्थिति बहुत खराब थी। इन लोगों ने कोई काम नहीं किया। पहले मैं अपने इलाकों में जाता था तो पैदल ही चलना पड़ता था। अब सड़कें हैं।
पूर्णिया के बाद मुख्यमंत्री कटिहार में भी सभा करेंगे। भागलपुर में आज मुख्यमंत्री का रोड शो भी है।