शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार, 19 अप्रैल को लगातार पांचवें दिन गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 244 अंक की गिरावट के साथ 72,244 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं, निफ्टी में भी 80 अंक से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। ये 21,915 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 में तेजी देखने को मिल रही है।
NSE के सभी सेक्टरों में गिरावट
NSE के सभी सेक्टोरल इंडाइसेज में गिरावट देखने को मिल रही है। निफ्टी PSU बैंक, निफ्टी IT, निफ्टी मीडिया, निफ्टी ऑटो और निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा गिरावट है। निफ्टी PSU बैंक्स में 1.25%, निफ्टी IT में 1.08% और निफ्टी मीडिया में 1.15% की गिरावट है।
बाजार में गिरावट के 3 कारण
- इजराइल ने ईरान की ओर से 6 दिन पहले किए गए हमले के जवाब में आज मिसाइल और ड्रोन के ईरान पर हमला कर दिया है, जिसके कारण जियो टेंशन फिर बढ़ने लगी हैं।
- बाजारों में तेज रैली के बाद लोग कुछ प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं। मिड और स्मॉल कैप ओवरवैल्यूड हो गए हैं।
- कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार को नीचे खींचा है।
कल भी शेयर बाजार में गिरावट थी
शेयर बाजार में कल यानी गुरुवार, 18 अप्रैल को लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 454 अंक की गिरावट के साथ 72,488 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 152 अंक की गिरावट रही। ये 21,995 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में तेजी और 7 में गिरावट रही। भारती एयरटेल टॉप गेनर रहा। ये 3.97% बढ़कर 1265 रुपए पर बंद हुआ। वहीं सबसे ज्यादा 3.05% की गिरावट नेस्ले में रही। ये 2469 रुपए पर बंद हुआ।