मोज़ाम्बिक के उत्तरी तट पर लोगों के भरी नाव डूबने से 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने कहा कि यह हादसा तब हुई जब लगभग 130 लोगों को लेकर मछली पकड़ने वाली नाव नामपुला प्रांत के पास एक द्वीप तक जा रही थी. नामपुला के राज्य सचिव जैमे नेटो ने कहा कि नाव क्षमता से ज्यादा भरी हुई थी और यात्रियों को ले जाने के लिए उपयुक्त थी, इसलिए यह डूब गई. इसमें 91 लोगों की जान चली गई.
ईस्ट अफ्रीकी देश मोजाम्बीक में रविवार देर रात एक नाव समुद्र में डूब गई। हादसे में 91 लोगों की मौत हो गई। इनमें कई बच्चे हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
BBC के मुताबिक मछली पकड़ने वाली नाव पर 130 लोग सवार थे, जो इसकी क्षमता से ज्यादा थे। 5 लोगों को बचाया जा सका, जबकि कई लापता हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि नाव पर सवार लोग मोजाम्बीक के नामपुला प्रांत के लुंगा शहर से मोजाम्बीक के मुख्य द्वीप जा रहे थे। ये सभी हैजा की बीमारी से बचने के लिए पलायन कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं, इनमें लोगों को रेस्क्यू करते और समुद्र के किनारे कई लाशों को देखा जा सकता है।
हैजा का इलाज नहीं होने पर मौत हो सकती है
हैजा बीमारी जनवरी 2023 से अफ्रीका के कई देशों में फैली है। मोजाम्बीक का नामपुला प्रांत इससे सबसे ज्यादा प्रभावित प्रांतों में से एक है। हैजा फैलने का मुख्य कारण दूषित खाना और पानी है। इसमें उल्टी-दस्त की समस्या होती है, जिससे डिहाइड्रेशन की स्थिति पैदा हो जाती है और समय पर इलाज न हो तो कुछ ही घंटों में मौत भी हो सकती है।
UNICEF के मुताबिक, मौजूदा प्रकोप 25 साल का सबसे खतरनाक है। अक्टूबर 2023 से अब तक मोजाम्बीक में हैजा के 13,700 मामले सामने आए हैं। 30 लोगों की मौत हुई है।
लगभग 400 साल तक, मोजाम्बीक द्वीप पुर्तगाली पूर्वी अफ्रीका की राजधानी रहा। यह द्वीप अपने कोलोनियल आर्किटेक्चर के लिए UNESCO की विश्व धरोहर स्थलों की लिस्ट में शामिल किया गया है।
नाव डूबने से जुड़ी अन्य घटनाएं…
1. नाइजीरिया में 103 लोगों की मौत हुई थी
14 जून 2023 को नाइजीरिया के क्वारा में एक बोट नाइजर नदी में डूब गई थी। इस हादसे में 103 लोगों की मौत हो गई, 97 लोग लापता हो गए। वहीं, 100 लोगों को बचा लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोट में 300 लोग सवार थे।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय निवासी ने बताया कि कुछ लोग एगबोटी गांव में शादी में गए थे। इस दौरान भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। ऐसे में शादी में गए कुछ मेहमानों ने गांव से निकलने के लिए बोट से नदी पार करने का सहारा लिया। उन्होंने बताया कि दूसरी तरफ के किनारे की ओर आने के दौरान उनकी बोट पानी में छिपे पेड़ से टकरा गई और टूट गई। इसके बाद वो दो हिस्सों में टूट कर पानी में डूब गई।