लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज हो चुका है और सभी दल अपने-अपने तरीकों से चुनाव प्रचार के अभियान में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज रविवार को विपक्षी दलों के I.N.D.I.A अलायंस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें विपक्षी दलों के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। विपक्षी गठबंधन ने इस रैली को ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ नाम दिया है। इस रैली में अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शामिल होंगी।
खरगे राहुल भी होंगे शामिल
विपक्ष की लोकतंत्र बचाओ रैली को कांग्रेस के पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि रविवार को आयोजित होने वाली रैली से लोक कल्याण मार्ग (जहां प्रधानमंत्री का आवास स्थित है) को एक “कड़ा संदेश” दिया जाएगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार का “समय पूरा हो गया है।
किसी व्यक्ति विशेष की रैली नहीं- जयराम रमेश
पहले माना जा रहा था कि रामलीला मैदान में ये रैली प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आयोजित रैली के रूप में पेश की जा सकती है। हालांकि, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह कोई व्यक्ति विशेष की रैली नहीं है। इसीलिए इसे लोकतंत्र बचाओ रैली कहा जा रहा है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 पार्टियां शामिल हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक इस रैली में हिस्सा लेंगे।
सुनीता केजरीवाल भी आएंगी
आम आदमी पार्टी ने आधिकारिक रूप से बता दिया है कि रामलीला मैदान की रैली में सुनीता केजरीवाल शामिल होगी। रामलीला मैदान में अरविंद केजरीवाल के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पोस्टर भी लगे हैं। रामलीला ग्राउंड और आस पास का इलाका आप और कांग्रेस दोनों पार्टियों के पोस्टर से अटा पड़ा हैं। मैदान के तकरीबन आधे हिस्से में लोगों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं।
ये नेता शामिल होंगे
रामलीला मैदान की रैली में सोनिया गांधी (कांग्रेस), एम खड़गे (कांग्रेस), राहुल गांधी (कांग्रेस), शरद पवार (एनसीपी), उद्धव ठाकरे (यूबीटी), आदित्य ठाकरे (यूबीटी), अखिलेश यादव (सपा)तेजस्वी यादव (राजद), डेरेक ओ ब्रायन (टीएमसी), टी शिवा (डीएमके), फारूक अब्दुल्ला (नेकां), चंपई सोरेन (झामुमो), कल्पना सोरेन (झामुमो), सीताराम येचुरी (सीपीएम), डी राजा (सीपीआई), दीपंकर भट्टाचार्य (सीपीआई-एमएल), जी देवराजन (फॉरवर्ड ब्लॉक) शामिल होंगे।
हेमंत सोरेन की पत्नी ने सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज होने वाली INDIA की रैली के लिए शनिवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने सोनिया गांधी और CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता से मुलाकात की।
सुनीता केजरीवाल से मुलाकात के दौरान कल्पना ने कहा- मेरे पति हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने के बाद अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। पूरा झारखंड सुनीता केजरीवाल के साथ खड़ा है। हमने एक-दूसरे का दर्द बांटा है। हम मिलकर केंद्र के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
दरअसल, झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन को ED ने 31 जनवरी को जमीन घोटाले को लेकर गिरफ्तार किया था। वहीं, अरविंद केजरीवाल को ED ने शराब नीति केस में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। दोनों ही नेताओं की पत्नियों ने केंद्र पर ED के गलत इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।
उधर, आम आदमी पार्टी ने दोनों की मुलाकात का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा- अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को तानाशाह सरकार ने गिरफ्तार किया। इसके बावजूद अपने-अपने राज्यों की जनता के साथ दोनों महिलाएं मजबूती से खड़ी हैं और लड़ाई लड़ रही हैं।

पत्नी सुनीता ने केजरीवाल का मैसेज पढ़कर सुनाया आशीर्वाद’ कैंपेन लॉन्च किया
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने बुधवार को वीडियो मैसेज में दिल्ली सीएम का संदेश लोगों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले की जांच में ED को 250 से ज्यादा रेड में कुछ नहीं मिला।
मैं जेल में अरविंद जी से मिलने गई थी। दिल्ली के लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए वे जेल से निर्देश भेज रहे हैं, तो केंद्र सरकार ने उन पर केस कर दिया। इस बात से उनको बहुत पीड़ा हुई है।
सीएम केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं: पत्नी सुनीता
केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने शुक्रवार को कहा कि केजरीवाल की हेल्थ ठीक नहीं है। उन्होंने कहा- आपके मुख्यमंत्री को बहुत तंग किया जा रहा है। जनता जवाब देगी। ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। केजरीवाल को कोर्ट ने 7 दिन की कस्टडी में भेजा था। आज उनकी कस्टडी समाप्त होने वाली थी। इस पर ईडी ने उन्हें दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया।







