लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आज से प्रदेश में केन्द्रीय नेताओं के दौरे शुरू हो रहे हैं। दौरों का आगाज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे, जो राजस्थान के 2 दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अमित शाह सीकर में रोड शो के साथ राजस्थान में चुनाव प्रचार प्रसार की शुरुआत करेंगे।
वहीं जयपुर और जोधपुर में प्रदेश कोर कमेटी, लोकसभावार कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन की बैठक लेकर राजस्थान में चुनावी तैयारियों का जायजा भी लेंगे। अमित शाह दोपहर करीब डेढ़ बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे जवाहर सर्किल स्थित होटल पहुंचेंगे। यहां वे 5 लोकसभा कोर कमेटियों की संयुक्त बैठक लेंगे। इसके बाद सीकर के लिए रवाना होंगे, जहां रोड शो करेंगे।
रोड शो के बाद अमित शाह शाम को जयपुर लौटेंगे और विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठक लेंगे। इसके बाद रात को प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
कमजोर लोकसभा सीटों पर फोकस
बीजेपी चुनाव के लिहाज से कुछ सीटों को कमजोर मानकर चल रही है। इन सीटों पर बीजेपी का विशेष फोकस है। अमित शाह 5 लोकसभा सीटों चूरू, झुंझुनूं, करौली-धौलपुर, नागौर और दौसा की कोर कमेटियों की संयुक्त बैठक लेंगे। इन पांचों सीटों पर बीजेपी ने नए चेहरों पर दांव खेला है। इन सभी जगहों पर विधानसभा चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, ऐसे में शाह इन लोकसभा की कोर कमेटियों की बैठक लेकर यहां की स्थितियों को समझकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
चूरू में मौजूदा सांसद राहुल कस्वां भाजपा से टिकट कटने के बाद कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। झुंझुनूं में मौजूदा सांसद नरेंद्र खींचड़ का टिकट काटकर पार्टी ने दो बार विधानसभा चुनाव हारे शुभकरण चौधरी पर दांव खेला है, जिनका अंदरखाने विरोध है।
करौली-धौलपुर और दौसा में भी पार्टी ने नए चेहरे उतारे हैं। एक युवा तो दूसरा अनुभवी है, लेकिन दोनों के लिए क्षेत्र नया है। इसी तरह से नागौर से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए ज्योति मिर्धा को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है, लेकिन यहां कांग्रेस ने आरएलपी से गठबंधन करके मुकाबले को कड़ा बना दिया है।
भीलवाड़ा में प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति पर चर्चा
अमित शाह आज रात जयपुर में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे। इस बैठक में प्रदेश की चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। भीलवाड़ा में बीजेपी ने अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। यहां मौजूद सांसद सुभाष बहेड़िया, दामोदर अग्रवाल और कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए रिजु झुंझुनवाला को लेकर पेच फंसा हुआ है। भीलवाड़ा में दूसरे चरण में चुनाव होना है, जिसके नॉमिनेशन शुरू हो गए हैं। ऐसे में बीजेपी को अब जल्द ही इस सीट पर प्रत्याशी घोषित करना है।
वहीं प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में अमित शाह सभी प्रमुख नेताओं को एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने और गुटबाजी को खत्म करने का कड़ा संदेश भी देंगे। प्रदेश कोर कमेटी में सीएम भजनलाल शर्मा सहित दोनों उप मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, वसुंधरा राजे सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं।
शाह प्रदेश कोर कमेटी की बैठक से पहले जयपुर में ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके समाजों को साधने और लोकसभा चुनावों में पार्टी का साथ देने का आग्रह भी करेंगे।
दूसरे दिन गहलोत के गृह नगर में रहेंगे मौजूद
अपने दौरे के दूसरे दिन अमित शाह जोधपुर के दौरे पर रहेंगे और लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। शाह जोधपुर में ही बीजेपी शक्ति केंद्र प्रमुखों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को यहीं से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।






