2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को क्रांतिधरा मेरठ से शंखनाद करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे। ये रैली इस लिहाज से भी खास होने जा रही है क्योंकि 15 साल बाद रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह प्रधानमंत्री के साथ दूसरी बार मंच साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली शाम को तीन बजे मोदीपुरम स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान पर होगी। ऐसा तीसरी बार होगा, जब मोदी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत मेरठ से करेंगे।
2014 और 2019 में भी नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव का बिगुल यहीं से फूंका था। मेरठ-हापुड़ के अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, कैराना, सहारनपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर आदि लोकसभा को साधेंगे, साथ ही यहीं से मोदी देश भर का सियासी पारा भी गरमाएंगे।
इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा पहली बार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी शामिल होंगे। रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा और रालोद के कार्यकर्ता तीन दिन से मेरठ में ही डेरा डाले हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शनिवार को ही मेरठ पहुंच गए।
वहीं, रैली की व्यवस्था एसपीजी ने संभाल ली है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। एडीजी सुरक्षा, एडीजी मेरठ जोन सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। रैली स्थल पर 15 सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
रैली के दौरान मेरठ में ड्रोन, गुब्बारे और छोटे प्लेन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। मोदी की थ्री लेयर सिक्योरिटी रहेगी। पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री की रैली के लिए चार हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के तीन हेलिकॉप्टर के लिए केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान में तीन हेलिपैड बनाए गए हैं। 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने पहली रैली मेरठ में की थी। इसके बाद 2019 के चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ से ही शंखनाद किया। माना जा रहा है कि मेरठ की इस रैली से प्रधानमंत्री गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्धनगर, शामली और सहारनपुर तक को साधेंगे।
यूपी में पीएम मोदी करेंगे चुनावी प्रचार की शुरुआत
एक बीजेपी नेता ने बताया कि, ‘अयोध्या में मंदिर में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद, पीएम मोदी अरुण गोविल के निर्वाचन क्षेत्र से राज्य में अपना चुनाव अभियान शुरू कर रहे हैं, जिन्होंने टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाई थी और वे बहुत सम्मानित कलाकार रहे हैं।’ पार्टी के प्रदेश महासचिव अनूप गुप्ता को प्रधानमंत्री की रैली के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि रविवार की रैली में मेरठ के अलावा आसपास के बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के लोग भी हिस्सा लेंगे।
जयंत पाटिल भी रैली में होंगे शामिल
भाजपा के वरिष्ठ नेता और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मेरठ रैली पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी और उसके सहयोगी राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेंगी। बीजेपी के एक नेता ने कहा, “यह (उत्तर प्रदेश में) 2024 चुनाव की पहली रैली है। पार्टी कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि प्रधानमंत्री मेरठ से चुनाव अभियान शुरू करने जा रहे हैं।” आरएलडी प्रवक्ता आतिर रिजवी के मुताबिक, रैली में पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी बीजेपी नेताओं के साथ मंच साझा करेंगे।
चौधरी चरण सिंह को दिया गया है भारत रत्न
बीजेपी और आरएलडी के नेताओं ने कहा कि रैली में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न, गन्ना उत्पादकों और किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के मुद्दे भी शामिल होंगे। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चौधरी चरण सिंह को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान यह पुरस्कार पूर्व प्रधानमंत्री के पोते जयंत चौधरी ने प्राप्त किया।
रैली को लेकर धारा 144 लागू
स्थानीय प्रशासन ने प्रधानमंत्री की रविवार की रैली से पहले धारा 144 लागू कर दी है जिसके तहत रैली स्थल से आठ किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पतंग या गुब्बारे उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों में मतदान होगा, जिसमें बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों में मतदान पहले चरण में 19 अप्रैल को होगा। मेरठ और बागपत में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।







