भारत के आर्थिक विकास को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने संतुष्टि जताई है. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को न केवल भारत के आर्थिक विकास को बड़ा समर्थन दिया, बल्कि इस दिशा में सरकार के कामों को भी सराहा. सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि पूरी दुनिया भारत को आज के वक्त में पहचान रही है और हमें इस पर गर्व करना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था पर फल-फूल रहा है.
सुप्रीम कोर्ट ने केरल और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को आज यानी बुधवार शाम 5 बजे एक साथ बैठने और वित्तीय मुद्दों को सुलझाने के लिए कहा. बैठक के नतीजे के आधार पर दोनों पक्ष सुप्रीम कोर्ट में दोबारा आ सकते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों से कहा कि मामले के लंबित रहने तक इस विषय पर मीडिया से बात न करें. केरल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से शिकायत की है कि केंद्र राज्य सरकार को धन जारी नहीं कर रहा है, जिसके कारण सरकार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.







