भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए। वे इस मुकाम तक पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले ने 105 मैचों यह उपलब्धि हासिल की थी।
राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑफ स्पिनर ने इंग्लैंड के जैक क्रॉले को आउट करने के साथ ही अश्विन ने यह माइलस्टोन हासिल कर लिया। अश्विन यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के नौवें गेंदबाज बने हैं।
अश्विन 98वें टेस्ट में 500 विकेट तक पहुंचे हैं। वे सबसे कम टेस्ट में 500 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। केवल श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन ने उनसे कम मैचों (87) में 500 विकेट पूरे किए थे।
अश्विन के 500 विकेट का ब्रेकअप…
1. 500 टेस्ट विकेट लेने वाले 9वें गेंदबाज
इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के तीन, इंग्लैंड-भारत के 2-2 और श्रीलंका-वेस्टइंडीज के 1-1 बॉलर शामिल हैं।
2. वानखेड़े स्टेडियम में सबसे ज्यादा विकेट मिले
अश्विन को सबसे ज्यादा विकेट भारत में ही मिले, उसमें भी वानखेड़े स्टेडियम ने उन्हें सबसे ज्यादा सफलता दिलाई। मुंबई के इस मैदान पर उन्होंने कुल 5 मैच खेले और 38 विकेट लिए। अश्विन को अपने होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में 4 मैचों में 30 विकेट मिले हैं।
3. विदेश में ऑस्ट्रेलिया के मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लिए
विदेश में अश्विन के सबसे ज्यादा विकेट ऑस्ट्रेलिया में हैं। उन्होंने कंगारुओं के होम ग्राउंड पर कुल 10 टेस्ट खेले और 39 विकेट लिए। इसके अलावा श्रीलंका में 6 टेस्ट में उनके 38 विकेट है। भारत में अश्विन के 58 मैचों में 347 विकेट हैं।
4. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लिए
अश्विन ने करियर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 मैचों में खेले और 114 विकेट लिए। वहीं, दूसरे नंबर पर इंग्लैंड है, जिसके खिलाफ अश्विन के 22 मैचों में 98 विकेट हैं।
5. बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा बार शिकार बनाया
अश्विन ने इंग्लैड के कप्तान बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा 12 बार अपना शिकार बनाया। वहीं, पिछले महीने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर 11 बार अश्विन की बॉल पर आउट हुए।
राजकोट टेस्ट में 238 रन से आगे भारत:दूसरे दिन तक इंग्लैंड 207/2
राजकोट टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 207 रन बना लिए। टीम अब भी पहली पारी में भारत से 238 रन पीछे हैं। बेन डकेट 133 और जो रूट 9 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
निरंजन शाह स्टेडियम में जैक क्रॉले 15 और ओली पोप 39 रन बनाकर आउट हुए। भारत से रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट लिया। इसी के साथ अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में 500 विकेट भी पूरे कर लिए।
पहली पारी में टीम इंडिया 445 रन बनाकर ऑलआउट हुई। रोहित शर्मा ने 131 और रवींद्र जडेजा ने 112 रन बनाए। इंग्लैंड से मार्क वुड ने 4 विकेट लिए। 2 सफलताएं रेहान अहमद को भी मिलीं।
देखें तीसरे टेस्ट का स्कोरकार्ड
तीसरे सेशन में इंग्लैंड ने गंवाए 2 ही विकेट
इंग्लैंड ने तीसरा सेशन 31/0 के स्कोर से शुरू किया। टीम ने 29 ओवर बैटिंग कर 2 ही विकेट गंवाए और 176 रन बना लिए। बेन डकेट 133 रन बनाकर नॉटआउट रहे। वहीं ओली पोप 39 रन बनाकर आउट हो गए। सेशन में भारत से 2 विकेट अश्विन और सिराज ने लिए।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 207 रन बना लिए। बेन डकेट 133 और जो रूट 9 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। जैक क्रॉले 15 और ओली पोप 39 रन बनाकर आउट हुए। भारत से रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया।







