सीएम नीतीश कुमार के इन दिनों की गतिविधियों पर आप गौर करेंगे तो आप देखेंगे कि JDU के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह हमेशा उनके साथ नजर आ रहे हैं। खैर, लेकिन अब बदलते सियासी माहौल के साथ-साथ जदयू भी अपने पैंतरे बदल रही है। कल तक जो नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन में अलग थलग महसूस किए जा रहे थे, अचानक से उनको लेकर कांग्रेस और राजद की बेचैनी बढ़ गई है। इसी बीच एक बार फिर से बुधवार को नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात हुई। इस मुलाकात के बाद वो ललन सिंह को छोड़ने उनके बुद्धा कॉलोनी आवास पर भी पहुंचे।
ललन सिंह से क्यों मिले नीतीश?
अब ये चर्चा जोरों पर है कि आखिर नीतीश कुमार ने ललन सिंह से मुलाकात क्यों की? क्यों वो उन्हें छोड़ने उनके घर तक पहुंचे? इन्हीं सवालों को लेकर बिहार की राजनीति सर्द मौसम में भी गरम हो गई है। बुधवार को यही हुआ जब नीतीश कुमार और ललन सिंह मिले। इसके बाद वो उन्हें छोड़ने पटना के बुद्धा कॉलोनी वाले घर तक आए। वो वीडियो हमने नीचे लगा रखा है। आप उस पर प्ले बटन दबा कर वीडियो देख सकते हैं।
नीतीश-ललन की मुलाकात के मायने
दरअसल ललन सिंह ने जब से जदयू अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है, तब से उनके बारे में कई कयास लगाए गए। कई जगहों पर यहां तक कहा गया कि वो राजद के नेताओं के साथ JDU विधायकों की गुप्त मीटिंग तक करवा रहे थे। लेकिन NBT ने आपको पहले ही अपनी खास खबर में बता दिया था कि ऐसा कुछ भी नहीं है। हम फिर से लिख रहे हैं कि ललन सिंह का इस्तीफा उनकी खुद की मर्जी से था। अब जानिए इस सवाल का जवाब कि ललन सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात आखिर हुई क्यों?
इसलिए नीतीश मिले ललन सिंह से
जब से नीतीश ने जदयू अध्यक्ष पद का जिम्मा संभाला है, तब से ही इंडिया गठबंधन और राजद के पेंच टाइट दिख रहे हैं। जो कांग्रेस नीतीश को तरजीह नहीं दे रही थी, अब वो उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। राजद की तरफ से भी नीतीश की तारीफ में अचानक कसीदे गढ़े जाने लगे हैं। अब बात मुलाकात की तो ये अंदाजा लगाना कठिन नहीं है कि नीतीश और ललन सिंह लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में जदयू की ताकत दिखाने की रणनीति बना रहे हैं। कोशिश ये भी है आगे कभी कांग्रेस नीतीश को आंख दिखाने से पहले कई दफे सोचे। ये मुलाकात भी उसी रणनीति का एक हिस्सा माना जा रहा है।







