राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर काउंटडाउन शुरू हो गया है। सोमवार को होने वाली विधायक दल की बैठक से पहले पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन किया है। वसुंधरा जयपुर में विधायकों से मुलाकात कर रही हैं।
इधर, विधायक दल की बैठक से पहले प्रदेश भाजपा ने सभी विधायकों को जयपुर बुला लिया है। पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे आज देर शाम तक राजस्थान पहुंच सकते हैं।
वसुंधरा सुबह ही दिल्ली से जयपुर पहुंची थीं। दोपहर में राजे से यहां 13 सिविल लाइंस आवास पर भाजपा विधायक मिलने पहुंचे। विधायक दल की बैठक से पहले वसुंधरा से विधायकों के मिलने को अहम माना जा रहा है। वसुंधरा से मिलने वालों में डेगाना विधायक अजय सिंह किलक, शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़, बिलाड़ा विधायक अर्जुन लाल गर्ग, काेलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली, नदबई विधायक जगत सिंह, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल शामिल थे।
विधायकों के साथ ही पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल भी वसुंधरा से मिलने पहुंचे। इससे पहले भी राजे से 60 से अधिक विधायकों ने मुलाकात की थीं।







