पाकिस्तान में छिपकर बैठे खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह रोडे की मौत हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, लखबीर सिंह रोडे की 2 दिसंबर को पाकिस्तान में हार्ट अटैक की वजह से मौत हुई। खबर लीक ना हो इसके चलते चोरी छिपे पाकिस्तान में सिख रीति-रिवाज से लखबीर सिंह रोडे का अंतिम संस्कार कर दिया गया। लखबीर सिंह रोडे, जरनैल सिंह भिंडरावाले का भतीजा है।
पंजाब में आतंकी गतिविधियों में रहा शामिल
लखबीर सिंह रोडे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत के खिलाफ पंजाब में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। लखबीर सिंह रोडे भारत में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (ISYF) को पाकिस्तान से संचालित कर रहा था।
लखबीर सिंह रोडे की संपत्ति हुई थी जब्त
इस साल अक्टूबर माह में पंजाब में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मोगा के कोठे गुरुपारा (रोडे) गांव में छापेमारी की थी। इस दौरान लखबीर सिंह रोडे की संपत्ति जब्त कर वहां नोटिस चिपकाया गया था। लखबीर सिंह पर गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत 1967 की धारा 33 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। लखबीर सिंह रोडे पाकिस्तान में छिपकर बैठा था और उसे आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। पंजाब की खुफिया एजेंसियों ने जानकारी दी थी कि इन्होंने पंजाब में आतंक मचाने के लिए कई स्लीपर सैल तैयार कर रखे थे, जिनका प्रयोग वे कभी भी कर सकते हैं। लखबीर सिंह रोडे पर दिल्ली में केस दर्ज था, जिस पर कोर्ट ने उसकी कुल जमीन का 1/4 हिस्सा जो 10 कनाल से ज्यादा बनता है, सील करने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश कार्रवाई करते हुए एनआईए की टीम ने उसकी जमीन को सील करते हुए उस पर सरकारी बोर्ड लगा दिया था।
20 पाकिस्तानी आतंकियों की लिस्ट में लखबीर भी शामिल
लखबीर सिंह रोड़े को एक बार नेपाल में 20 किलो आरडीएक्स के साथ गिरफ्तार किया गया था, जानकारी के मुताबिक यह RDX उसे पाकिस्तान से मिला था. खालिस्तानी आतंकी ने 2021 में लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट की योजना बनाई थी. लखबीर सिंह दुबई होते हुए पाकिस्तान भाग गया था, हालांकि उसक परिवार कनाडा में रह रहा है. साल 2022 में भारत ने पाकिस्तान को जो 20 आतंकियों की लिस्ट सौंपी थी, उसमें रोडे का नाम भी शामिल था.
ISIS के इशारे पर भारत में भेज रहा था बम-हथियार
खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह पर पाकिस्तान में बैठकर ISI के इशारे पर भारत में खालिस्तानी गतिविधियों में शामिल था. वह पाकिस्तान में बैठकर नशीले पदार्थ, हथियार, टिफिन बम और विस्फोटक भेज रहा था. कई वीवीआईपी लोगों की टारगेट किलिंग में भी उसका हाथ रहा. हाल ही में वह पंजाब के बड़े गैंगस्टरों के साथ मिलकर आतंकी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था. उसके खिलाफ UAPA के तहत केस दर्ज है. एनआईए ने हाल ही में मोगा में उसकी जमीन जब्त की थी. एनआईए उसके खिलाफ आतंक से जुड़े 6 मामलों की जांच कर रही है. लखबीर सिंह रोडे की मौत पाकिस्तान में हार्ट अटैक की वजह से हो गई.







