इजराइल-हमास में 49 दिन की जंग के बाद आज से 4 दिन के लिए युद्धविराम शुरू हो गया है। गाजा में 14 हजार से ज्यादा लोगों की मौत के बाद इजराइल ने हमले बंद कर दिए हैं। सीजफायर की शुरुआत सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 10:30 बजे) हुई। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक घड़ी में 7 बजते ही इजराइल ने गाजा में हमले बंद कर दिए हैं।
कतर और मिस्र की मध्यस्थता के बाद इजराइल और हमास युद्ध विराम के लिए राजी हुए थे। समझौते के तहत आज हमास बंधक बनाए गए 13 लोगों को 39 फिलिस्तीनियों के बदले शाम 4 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे) रिहा करेगा। हमास की तरफ से रिहा होने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हमास लड़ाके 7 अक्टूबर को 240 लोगों को बंधक बनाकर गाजा ले गए थे।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक 4 दिन के सीजफायर के दौरान 150 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले कुल 50 बंधकों को छोड़ने पर सहमति बनी है। हमास ने समझौते में अल-शिफा अस्पताल खाली करने की भी शर्त रखी थी, जिसे इजराइल ने मानने से इनकार कर दिया। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, हमास हर 3 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले 1 बंधक को छोड़ेगा।

इजराइल ने हमास नेवी के कमांड को मार गिराया
इस बीच, गुरुवार को इजराइली सेना ने हमास नेवी के कमांडर अमर अबु जलाला सहित कई लड़ाकों को मार गिराया। रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सीजफायर से पहले सैनिकों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा- जब युद्ध दोबारा शुरू होगा, तब हम पूरी ताकत से लड़ेंगे। ये जंग अभी करीब 2 महीने और चलेगी। हमारा लक्ष्य हमास को पूरी तरह से मिटाना है। सीजफायर के दौरान हम हमास के ठिकानों का पता लगाकर, खुद को और तैयार करेंगे।

वहीं, गुरुवार को इजराइली सेना ने कहा कि लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल की तरफ 50 रॉकेट दागे। इनमें से 20 लेबनान में ही गिर गए। जवाबी कार्रवाई में सैनिकों ने हिजबुल्लाह के कई ठिकाने तबाह किए। हिजबुल्लाह हमास के हमले के एक दिन बाद यानी 8 अक्टूबर से इजराइल में हमले कर रहा है।
फ्यूल ट्रक भी गाजा पहुंचेंगे
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, हमास का कहना है कि 4 दिन के सीजफायर के दौरान गाजा में काफी मदद पहुंचेगी। चारों दिन इजराइली सेना और हमास की तरफ से हमले नहीं किए जाएंगे। हर दिन फ्यूल से भरे 4 ट्रक और जरूरत का सामान लेकर 200 ट्रक गाजा में एंट्री लेंगे।

आकाल की कगार पर गाजा
गाजा के एक सरकारी अधिकारी का कहना है कि इजराइली सेना स्कूलों, मस्जिदों पर हमला कर रही है। यहां कोई सेफ जगह नहीं बची है। राशन और जरूरी सामान यहां तक पहुंच नहीं पा रहा है। बिजली नहीं है और फ्यूल की कमी के कारण कुएं से पानी नहीं निकल रहा है। गाजा आकाल की कगार पर है।
बच्चों के बेड में हथियार मिले
इजराइली सेना को जबालिया के पास टॉप हमास कमांडर के बच्चों के बिस्तर में और अलमारियों में हथियार मिले हैं। यहां 4 सुरंगें भी मिली हैं। यहां बड़ा इलेक्ट्रिसिटी नेटवर्क भी मिला है। यहां हमले से जुड़े कुछ डॉक्यूमेंट्स और बैटल प्लान भी मिले हैं।
पूरी दुनिया में हमास के आतंकियों को ढूंढेगी मोसाद
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुफिया एजेंसी मोसाद को पूरी दुनिया में हमास के आतंकियों को ढूंढने के आदेश दिए हैं। उन्होंने गाजा में चल रहे ऑपरेशन को बढ़ाते हुए ये आदेश दिया है। उन्होंने कहा- हमास के आतंकी जहां कहीं भी हों उन्हें पकड़ा जाना चाहिए। ज्यादातर लीडर्स कतर और बेरूत में रहते हैं।
इजराइल हमास जंग के 5 तस्वीरें…





गाजा के सबसे बड़े अस्पताल का डॉक्टर गिरफ्तार
इजराइल ने 23 नवंबर को गाजा के सबसे बड़े अल-शिफा अस्पताल के डायरेक्टर मोहम्मद अबु सालमिया को गिरफ्तार किया। ये जानकारी अस्पताल के चीफ ऑफ डिपार्टमेंट ने AFP को दी। उन्होंने बताया कि सालमिया के अलावा कई सीनियर डॉक्टरों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इजराइल की न्यूज एजेंसी कान ब्रॉडकास्टर ने बताया कि शिन बेत और इजराइल की खुफिया एजेंसियां इनसे पूछताछ कर रही है। अबु सालमिया को IDF ने गाजा के दक्षिणी हिस्से की तरफ जाते वक्त पकड़ा था। हालांकि, सेना ने अब तक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
‘अल-अक्सा फ्लड’ के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’
हमास ने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को ‘अल-अक्सा फ्लड’ नाम दिया है। इसके जवाब में इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।
हमास के नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर इजराइल का कब्जा
दूसरी तरफ, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा कि हम भले ही धीरे-धीरे, लेकिन हमास के मिलिट्री स्ट्रक्चर को जरूर तबाह करेंगे। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइली सेना ने हमास के नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर कब्जा कर लिया है।
सेना के मुताबिक, यहां कई आतंकियों को भी मार गिराया गया है। हेडक्वार्टर शेख जैद इलाके में स्थित है, यहां हमास के कई बड़े लीडर्स रहते हैं। यहां रेड के दौरान सेना को सुरंग मिली जो 50 मीटर गहरी और 7 मीटर चौड़ी है। यहां रॉकेट लॉन्चिंग साइट भी मौजूद है।
सेना के मुताबिक, नॉर्थ गाजा ब्रिगेड हेडक्वार्टर के कंपाउंड में वो गाड़ियां मिली हैं जो 7 अक्टूबर को इजराइल पर हुए हमले में इस्तेमाल की गई थीं। हमास आतंकी पिकअप ट्रक, बाइक, कार के जरिए इजराइल में दाखिल हुए थे। सेना के यहां कई हथियार भी मिले हैं।

हिजबुल्लाह भी युद्धविराम में शामिल होगा
अल जजीरा के मुताबिक, लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह भी चार दिन के युद्धविराम में शामिल होगा। हालांकि इजराइल और लेबनान ने सीजफायर पर बातचीत नहीं की है। हिजबुल्लाह की टॉप लीडरशिप का कहना है कि वो भी अगले 4 दिन इजराइल पर हमला नहीं करेंगे। हिजबुल्लाह ने हमास के हमले के एक दिन बाद, यानी 8 अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था। इसके बाद से इजराइल पर लेबनान बॉर्डर से भी हमले हो रहे हैं।
बता दें कि कई दिनों तक मेहनत के बाद आखिरकार इजराइल और हमास के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत हमास करीब 50 बंधकों को छोड़ेगा। बदले में इजराइल 4 दिन तक कोई हमला नहीं करेगा। साथ ही इजराइल भी करीब 150 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, हर 10 या उससे ज्यादा बंधकों की रिहाई पर 1 दिन का सीजफायर होगा।
इजराइली सेना बोली- मस्जिदों से हमले कर रहा हमास
इजराइली सेना ने एक वीडियो जारी कर कहा कि हमास के आतंकी मस्जिदों से हमला कर रहे हैं। वीडियो इजराइली हमले में तबाह की गई एक मस्जिद का है। यहां हथियारों को स्टोर करके रखा जा रहा था। सेना को यहां मोर्टार, मिसाइलें, थर्मोबेरिक हथियार मिले हैं। सेना ने वीडियो के साथ लिखा- जहां प्रार्थना होनी चाहिए वहां से हमले हो रहे हैं। ये आतंक का घर बन चुके हैं।
रातभर हुए इजराइली हमलों में 100 फिलिस्तीनियों की मौत
अल जजीरा के मुताबिक, इजराइल ने गाजा के अस्पतालों और रिफ्यूजी कैंप्स पर रातभर हमले किए। इस दौरान करीब 100 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। 7 अक्टूबर से शुरू हुई इजराइल हमास जंग में अब तक 1200 इजराइलियों और 14 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इनमें 5600 बच्चे और 3500 से ज्यादा महिलाएं हैं। 6 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं।

सुरंग के जरिए भाग रहा आतंकी पकड़ा गया
इजराइली सेना ने सुरंग के जरिए भाग रहे एक आतंकी को पकड़ा है। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक आतंकी भागते हुए सुरंग में घुसने की कोशिश करता है। बाद में इजराइली सैनिकों के सामने सरेंडर कर देता है। हालांकि, इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि आखिर ये वीडियो कौन-सी जगह और कब का है।







