भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जनक चमार ने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस पर निशाना साधा है। प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपए की रिश्वत पहुंचाई गई है। महादेव बेटिंग एप और बघेल के रिश्ते पर तंज कसते हुए कहा कि आखिर यह रिश्ता क्या कहलाता है।
छत्तीसगढ़ के सीएम सत्ता में रहकर खेल रहे सट्टा का खेल
जनक चमार ने कहा कि भाजपा शुरू से ही कहते आई है कि महादेव स्कैंडल को बघेल सरकार का समर्थन प्राप्त था, जिसके कारण छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने आज तक सही से इसकी जांच नहीं की। ईडी की जांच के बाद देश-प्रदेश की जनता के सामने यह खुलासा हो गया है कि कांग्रेस की बघेल सरकार का साइड बिजनेस ही बेटिंग था। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल सत्ता में रहकर सट्टा का बड़ा खेल खेला है। सत्ता में रहते हुए सट्टा कारोबार में रहना छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की हकीकत है।
ईडी ने महादेव बेटिंग एप के बेनामी बैंक खातों का भी लगाया है पता
उन्होंने आगे कहा कि ईडी की जांच में यह भी साफ हो गया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के चुनावी खर्चों के लिए बड़ी मात्रा में नगदी पहुंचाने के लिए खास तौर पर संयुक्त अरब अमीरात से भेजे गए एक कैश कूरियर असीम दास को डिटेन किया गया। ईडी ने 5.39 करोड़ रुपये की नगद राशि असीम दास की कार और उनके आवास से बरामद की है।
असीम दास ने स्वीकार किया है कि जब्त की गई धनराशि महादेव ऐप प्रमोटरों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में आगामी चुनाव खर्चों के लिए एक राजनेता ‘बघेल’ को देने की व्यवस्था की गई थी। ईडी ने महादेव ऐप के कुछ बेनामी बैंक खातों का भी पता लगाया है। जिनमें 15.59 करोड़ रुपये की शेष राशि फ्रीज कर दी गई है। ईडी ने असीम दास को गिरफ्तार कर लिया है।
14 आरोपियों के खिलाफ किया गया मामला दर्ज
बीजेपी नेता ने कहा कि ईडी ने पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 450 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जब्त कर ली है। इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। क्या ये सत्य है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं को शुभम सोनी के माध्यम से असीम दास पैसा पहुंचाते थे। क्या यह सत्य नहीं है कि अलग-अलग बैंक एकाउंट से 15 करोड़ रुपये के पीएमएलए के तहत फ्रीज किया गया है।
असीम दास से पूछताछ और उसके पास से बरामद फोन की फॉरेंसिक जांच से और शुभम सोनी (महादेव नेटवर्क के उच्च पदस्थ आरोपियों में से एक) द्वारा भेजे गए ईमेल की जांच से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस खुलासे के बाद कांग्रेस या विपक्षी दलों के गठबंधन के नेताओं का चाल , चरित्र एक बार फिर सामने आ गया। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से कहते रही है कि यह गठबंधन भी खुद को बचाने और लोगों को ठगने के लिए बन रहा है।







