कांग्रेस ने मिजोरम (Mizoram) विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया है. इसमें 750 रुपये में LPG सिलेंडर, 2 हजार रुपये प्रति माह की वृद्धा पेंशन, 15 लाख तक स्वास्थ्य बीमा कवरेज समेत कई कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया गया है.
साथ ही राज्य में कनेक्टिविटी, हवाई अड्डे, बिजली आदि जैसे बेहतर बुनियादी ढांचे के विकास पर काम करने का वादा किया है. सरकारी कर्मचारी रहित परिवारों में 15 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवर सहित कई मुद्दों पर काम करने की बात कही है. ये मैनिफेस्टो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रोनाल्ड सापा तलाई ने जारी किया है.
उन्होंने कहा कि किसानों और उद्यमियों को स्थायी आर्थिक और आजीविका गतिविधियों को विकसित करने के लिए स्टार्टअप फंडिंग प्रावधानों के साथ ही युवा मिजो के उद्यमी कार्यक्रम की कांग्रेस स्थापना करेगी. मिजोरम के युवाओं के लिए 1 लाख नौकरियां पैदा करने का लक्ष्य भी रखा गया है.
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस मिजोरम में एक ऐसी सरकार स्थापित करेगी, जो कुशल, पारदर्शी और भ्रष्टाचार से मुक्त होगी. कांग्रेस सरकार ग्राम परिषदों और स्थानीय निकायों को अधिक शक्ति, अधिक जिम्मेदारियां और वित्तीय संसाधन देकर जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करेगी.
बता दें कि मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को चुनाव होने हैं. इसके बाद 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे.
मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए 174 उम्मीदवार मैदान में : अधिकारी
मिजोरम में सात नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, ये उम्मीदवार पांच राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हैं और कुल उम्मीदवारों में से 27 निर्दलीय हैं। मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने बताया कि सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक 174 उम्मीदवारों में से किसी ने भी अपना नाम वापस नहीं लिया। इन 174 उम्मीदवारों में 16 महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके दस्तावेजों की जांच पहले ही पूरी की जा चुकी है।
इस बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की संख्या 2018 के मुकाबले 35 कम है। चालीस सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए सात नवंबर को एक चरण में मतदान होना है और मतगणना तीन दिसंबर को होगी। कुल 8,56,868 मतदाता चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), मुख्य विपक्षी जोरम नेशनलिस्ट पार्टी (जेडपीएम) और कांग्रेस ने 40-40 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। एमएनएफ ने 25 मौजूदा विधायकों को फिर से मैदान में उतारा है, जबकि जेडपीएम के छह मौजूदा विधायक भी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2018 के चुनावों में 39 सीट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसे एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। पार्टी ने इस बार 23 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने मिजोरम में अपने चुनावी सफर की शुरुआत करते हुए चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं।







