वैश्विक बाजार में बिकवाली का असर सोमवार को शेयर बाजार में देखा गया। बाजार में चौतरफा गिरावट देखी गई। लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 825.74 अंक या 1.26 प्रतिशत घटकर 64,571.88 अंक और एनएसई निफ्टी 260.90 अंक गिरकर 19,281.75 अंक पर बंद हुआ है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 1.26 फीसदी या 825 अंक की गिरावट के साथ 64,571 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 2 शेयरों के अलावा सभी लाल निशान पर थे। निफ्टी में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 1.34 फीसदी या 260 अंक की गिरावट के साथ 19,281 पर बंद हुआ। निफ्टी पैक के 50 शेयरों में से 48 शेयर लाल निशान पर और 2 शेयर हरे निशान पर बंद हुए।
सबसे अधिक नुकसान आईटी, मेटल, पीएसयू बैंक, रियल्टी, मीडिया और ऑटो इंडेक्स में देखने को मिला। ये 1.3 प्रतिशत से 4.98 प्रतिशत तक फिसल गए। एनएसई पर 1968 शेयर लाल निशान में, जबकि 176 शेयर हरे निशान में बंद हुए।
क्यों आई जबरदस्त गिरावट?
भारतीय शेयर बाजार में आई इस भारी गिरावट के पीछे वजह यूएस ट्रेजरी नोट है। साल 2007 के बाद पहली बार बेंचमार्क 10-ईयर यूएस ट्रेजरी नोट 5 फीसदी से अधिक चढ़ा है। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते भी निवेशकों का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ है।’
निवेशकों के 7.56 लाख करोड़ स्वाहा
दलाल स्ट्रीट में हुए आज के ब्लडबाथ में निवेशकों का भारी नुकसान हुआ है। आज की गिरावट से निवेशकों के 7.56 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। इससे बीएसई का मार्केट कैप घटकर 311.33 लाख करोड़ रुपये रह गया है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ‘निजी बैंकों के अच्छे प्रदर्शन और तेल की कीमतों में मामूली कटौती के बावजूद, निवेशकों का विश्वास निराशावादी बना रहा। घरेलू बाजारों में व्यापक समेकन जारी रहा। लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरों के बारे में बढ़ती आशंकाओं ने अमेरिकी 10-ईयर यील्ड में निरंतर वृद्धि को बढ़ावा दिया है।’
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स पैक में 30 में से 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। जेएसडब्लू स्टील, टाटा स्टील, टीसीएस, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, विप्रो, एचसीएल टेक, सनफार्मा, एसबीआई, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी और कोटक महिंद्रा में सबसे अधिक गिरावट हुई। आज केवल एमएंडएम और बजाज फाइनेंस ही बढ़कर बंद हुए हैं।
छोटे मझोले शेयरों ने नीचे खीचा बाजार
बाजार को नीचे खीचने का काम आज छोटे-मझोले शेयरों ने किया। निफ्टी का स्मॉलकैप100 इंडेक्स आज के सत्र में 3.59 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। निफ्टी का मिडकैप50 इंडेक्स 1.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, निफ्टी का मिडकैप100 इंडेक्स 2.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है।
वैश्विक बाजारों में गिरावट
वैश्विक बाजारों में मंदी देखने को मिली और एशिया के ज्यादातर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी करीब यही हाल देखा जा रहा है। वहीं, अमेरिका के बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुए थे। डॉलर इंडेक्स में हल्की तेजी देखी जा रही है और यह 0.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 106.027 अंक पर है। वहीं, कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 91.82 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। बाजार के डाटा के मुताबिक, एफआईआई की ओर से शुक्रवार 456 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे गए थे।






