लद्दाख के सियाचिन में सेना के जवानों ने हाल ही में 15,500 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर पहला मोबाइल टावर इंस्टॉल किया है। महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने इसे चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर जितना अहम बताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, ‘सियाचिन में इंस्टॉल किए गए पहले मोबाइल टावर की ये तस्वीरें देवुसिंह ने शेयर की है। हमारी अशांत दुनिया में ये एक छोटी सी घटना है, लेकिन सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में हर दिन अपनी जान की बाजी लगाने वाले जवानों के लिए यह डिवाइस विक्रम लैंडर जितना अहम है। वे अब अपने परिवारों से कनेक्टेड रहेंगे। मेरे लिए यह सचमुच बहुत बड़ी खबर है।’

6 अक्टूबर को सियाचिन वॉरियर्स ने लगाया टावर
इंडियन आर्मी ने बताया कि सियाचिन वॉरियर्स ने BSNL की मदद से 15,500 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर 6 अक्टूबर को पहला टावर इंस्टॉल किया है। इसकी मदद से जवानों को मोबाइल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
थार-ई को चांद पर उतारने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं आनंद महिंद्रा
चांद पर विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर की सफल लैंडिंग के बाद हाल ही में आनंद महिंद्रा ने थार-ई को चांद पर उतारने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था,’हमारी महत्वाकांक्षाओं को उड़ान देने के लिए धन्यवाद इसरो। भविष्य में एक दिन हम चांद की सहत पर विक्रम और प्रज्ञान के बगल में थार-ई को उतरते देखेंगे और असंभव को संभव करेंगे।’
इसके साथ ही आनंद महिंद्रा ने एक एनिमेशन वीडियो शेयर किया था। वीडियो में चांद की सतह पर विक्रम लैंडर से प्रज्ञान रोवर की जगह थार-ई बाहर आते दिखाई दे रही है।
1997 में महिंद्रा ग्रुप के MD बने आनंद महिंद्रा
आनंद महिंद्रा 1997 में ग्रुप के MD बने थे। हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से ग्रेजुएशन की पढ़ाई करने वाले आनंद ने शायद तभी जान लिया था कि नए बिजनेस में उतरे बगैर ग्रुप को नई ऊंचाइयों पर ले जाना मुमकिन नहीं है। देश में बिजनेस के बदलते माहौल को भांपते हुए आनंद महिंद्रा ने ऑटो इंडस्ट्री पर फोकस किया।
उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर काम कर चुके अपने इंजीनियर्स को भारतीय बाजार के लिए मल्टी यूटिलिटी व्हीकल (MUV) का कॉन्सेप्ट तैयार करने का काम सौंपा। उनकी यह कोशिश कामयाब रही। महिंद्रा ने 2002 में भारतीय बाजार में स्कॉर्पियो नाम से अपनी पहली MUV पेश की। यह पूरी तरह से भारत में विकसित गाड़ी थी। स्कॉर्पियो की कामयाबी के बाद आनंद ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।







