इंडिया गठबंधन ने मुंबई में होने जा रही विपक्षी पार्टियों की बैठक का पूरा शेड्यूल जारी किया है. ये बैठक 31 अगस्त और 01 सितम्बर (गुरुवार और शुक्रवार) को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होनी है. बुधवार (30 अगस्त) शाम चार बजे महा विकास अघाड़ी की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें बैठक के बारे में जानकारी दी जाएगी.
तय कार्यक्रम के मुताबिक, 31 अगस्त (गुरुवार) को इंडिया गठबंधन में शामिल राजनीतिक पार्टियों के नेता मुंबई पहुंचेंगे. शाम 6 से साढ़े छह बजे से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा. इसके बाद साढ़े छह बजे सभी नेता अनौपचारिक बैठक करेंगे. 31 अगस्त को रात आठ बजे डिनर का आयोजन रखा गया है, जिसकी मेजबानी शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे करेंगे.
जारी होगा गठबंधन का लोगो
इंडिया गठबंधन की बैठक का मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार यानी 1 सितम्बर को होना है. इसके पहले सुबह 1.15 बजे गठबंधन नेता ग्रुप फोटो सेशन करेंगे. इसके बाद बैठक शुरू होगी जो दो बजे तक चलेगी. बैठक के शुरू होने के पहले गठबंधन का लोगो जारी किया जाएगा.
ये है शेड्यूल
- 30 अगस्त, शाम 4 बजे- महा विकास अघाड़ी की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- 31 अगस्त, शाम 6 बजे- प्रतिनिधियों का स्वागत
- 31 अगस्त, शाम 6.30 बजे- अनौपचारिक बैठक
- 31 अगस्त, रात 8 बजे- उद्धव ठाकरे की मेजबानी में डिनर
- 1 सितम्बर, सुबह 10.15 बजे- ग्रुप फोटो सेशन
- 1 सितम्बर, सुबह 10.30-दोपहर 2 बजे तक- लोगो का अनावरण और इंडिया गठबंधन की बैठक
- 1 सितम्बर, दोपहर 2 बजे- एमपीसीसी और एमआरसीसी की तरफ से लंच
- 1 सितम्बर, दोपहर 3.30 बजे- इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बैठक में पहुंचेंगे 5 सीएम, 80 नेता
इंडिया गठबंधन की मुंबई बैठक में 5 राज्यों के मुख्यमंत्री और 26 पार्टियों के लगभग 80 नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है. इस बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी पहुंचने की संभावना है.
मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होनेवाली विपक्षी गठबंधन की बैठक में संयोजक नहीं बनाया जाएगा बल्कि 11 सदस्यों की कोर्डिनेशन कमिटी का गठन होगा। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति और सीट शेयरिंग के फ़ार्मूले पर चर्चा होगी। दरअसल, इंडिया गठबंधन का संयोजक किसी और बनाए जाने के फैसले को कांग्रेस स्वीकार नहीं कर रही थी। वहीं तृणमूल और आप संयोजक का पद कांग्रेस को देने का विरोध कर रही है। शिवसेना उद्धव गुट और कुछ क्षेत्रीय पार्टियों ने सीट शेयरिंग को लेकर अपना फॉर्मूला दे दिया है।
ग्रैंड हयात होटल में होगी बैठक
जानकारी के मुताबिक विपक्षी दलों की यह बैठक सांताक्रूज करीना स्थित पांच सितारा ग्रैंड हयात होटल में होगी। बैठक में आने वाले नेताओं के लिए होटल में कुल 150 कमरे बुक किए गए हैं। नेताओं के रहने की व्यवस्था उद्धव ठाकरे की पार्टी ने की है। वहीं, नेताओं के ट्रेवलिंग की व्यवस्था कांग्रेस ने की है।
कौन कहां रुकेगा?
ग्रैंड हयात होटल में पहली मंजिल पर सभी सुपर डिलक्स और एक्जीक्यूटिव कमरे नेताओं के लिए बुक हैं। दूसरी मंजिल पर कांग्रेस के नेताओं के लिए कमरे बुक किए गए हैं। दूसरी मंजिल पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे आदि रहेंगे। वहीं, नीतीश कुमार, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी, फारुक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती आदि नेताओं के लिए एक्जिक्यूटिव सूट बुक किए गए हैं।
कब पहुंचेंगे नेता?
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व तमिलनाडु के सीएम स्टालिन 31 अगस्त को सुबह 11 बजे तक होटल पहुंचेंगे। इसी दिन दोपहर 4 बजे तक सोनिया गांधी और राहुल गांधी चार्टर्ड फ्लाइट से एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर आएंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। दोपहर 3 से 4 बजे के करीब ही अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी, नीतीश कुमार, महबूबा मुफ्ती और अखिलेश यादव भी चार्टर्ड फ्लाइट से मुंबई पहुंचेंगे।
कब शुरू होगी बैठक?
31 अगस्त को शाम 6 बजे तक सभी पार्टी के नेता होटल पहुंच जाएंगे। शाम 6 बजे से 8.30 बजे तक सभी नेताओं की फॉर्मल मीटिंग होगी। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने सभी नेताओं के लिए डिनर का आयोजन किया है। बैठक के दूसरे दिन 1 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंडिया अलायंस की बैठक होगी। वहीं, तीन बजे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सभी नेता अपने राज्य लौट जाएंगे।







