एशिया कप के 16वें संस्करण का आज से आगाज होने जा रहा है। वनडे फॉर्मेट का यह 14वां एडीशन है। इस बार इस टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान की मेजबानी में हो रहा है। 4 मुकाबले पाकिस्तान में खेले जाएंगे, वहीं 9 मुकाबले श्रीलंका में आयोजित होंगे जिसमें भारत के सभी मैच शामिल हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले के लिए पाकिस्तान ने एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया था। वहीं नेपाल की टीम इस टूर्नामेंट के इतिहास में अपना पहला मैच खेलने उतरेगी।
क्या है एशिया कप 2023 का पूरा फॉर्मेट?
एशिया कप इस बार हाइब्रिड मॉडल पर खेला जा रहा है। लंबे विवाद के बाद वेन्यू पर फैसला हो पाया था। भारतीय टीम कोई भी मैच पाकिस्तान में नहीं खेलेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट का हाईवोल्टेज मुकाबला 2 सितंबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के लिए भारत, पाकिस्तान और नेपाल एक ही ग्रुप में हैं। वहीं बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीम ग्रुप बी में हैं। ग्रुप स्टेज में हर टीम 2-2 मैच खेलेगी। वहीं इसके बाद सुपर 4 में दोनों ग्रुप की टॉप 2 टीमें जाएंगी। सुपर 4 में हर टीम एक दूसरे से एक-एक मैच खेलेगी। इसके बाद 17 सितंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
कब, कहां और कैसे देख पाएंगे लाइव प्रसारण?
आपको बता दें कि भारत में एशिया कप के मीडिया राइट्स स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं। टीवी पर दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनल्स पर अलग-अलग भाषाओं में इसका लुत्फ उठा सकते हैं। वहीं ओटीटी पर फैंस हॉटस्टार पर एशिया कप के सभी मैचों को देख पाएंगे। साथ ही भारत के मैचों की फ्री लाइव स्ट्रीमिंग आपको जियो सिनेमा पर देखने को मिलेगी। एशिया कप के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे। टॉस का वक्त 2.30 बजे का है।
पाकिस्तान की प्लेइंग 11
बाबर आजम (कप्तान), इमाम उल हक, फखर जमां, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ।
नेपाल का स्क्वॉड
रोहित पौडेल (कप्तान), कुशल भुर्टेल, आसिफ शेख, भीम शर्की, कुशल मल्ला, आरिफ शेख, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, संदीप लामिछाने, ललित राजबंशी, प्रतीश जीसी, मौसम ढकाल, संदीप जोरा , किशोर महतो, अर्जुन साउद।
पाकिस्तान की मशहूर सिंगर ऐमा बेग एशिया कप 2023 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगी. वे अब तक कई हिट गानें दे चुकी हैं. अहम बात यह भी है कि वे कोक स्टुडियो के लिए भी गाने गा चुकी हैं. ऐमा ने करियर की शुरुआत में कई अच्छे गाने गाए. उन्होंने 2015 में पहला सिंगल रिलीज किया था. इसके बाद अब तक कई हिट गाने दे चुकी हैं.
ऐमा ने 2015 में पेशावर स्कूल अटैक के बच्चों को समर्पित करते हुए एक सिंगल रिलीज किया था. ऐमा के गाने नन्हे हाथों में कलम इंटरनेट पर बहुत पसंद किया गया था. यह यूट्युब पर कई अकाउंट्स से शेयर किया गया था.
ऐमा की पाकिस्तान में काफी फैन फॉलोइंग है. उन्हें विदेशों में भी लोग सुनते हैं. ऐमा को इंस्टाग्राम पर 5.5 मिलियन लोग फॉलो करते हैं. वहीं वे 862 लोगों को फॉलो करती हैं.
ऐमा के यूट्युब चैनल पर करीब 2 लाख सब्सक्राइबर्स हैं. उन्होंने हाल ही में एक नया गाना रिलीज किया है. फनकारी नाम के इस गाने को 2.2 मिलियन लोगों ने यूट्युब पर देखा है.
बता दें कि ऐमा एशिया कप से पहले कई जगहों पर परफॉर्म कर चुकी हैं. उनके साथ एशिया कप की ओपनिंग सेरेमनी में नेपाल की स्टार सिंगर त्रिशाला गुरुंग भी परफॉर्म करेंगी.






