आज सावन का अंतिम सोमवार है। पूरे बिहार भर के मंदिरों में अंतिम सोमवारी को लेकर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। उत्तर बिहार के बाबाधाम कहे जाने वाले मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए कांवरियों पहुंचे। कांवरिया पहलेजा घाट से जलबोझी करके आए। हरिसभा चौक से पानी टंकी, जिला स्कूल, छोटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा रोड होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पंक्तिबद्ध कांवरिया भोलेबाबा के नाम का जयकारा लगाते आगे बढ़ रहे थे।

श्रद्धालुओं ने बाबा का जयघोष करते हुए भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। बेलपत्र, गंगाजल, फल-फूल, भांगआदि का शिवलिंग पर अरघा के माध्यम से अर्पण किया। पूरा क्षेत्र और मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान हो गया।

मंदिर के पुजारी विनय पाठक ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी है। इसके लिए ज्यादा भीड़ नही है। कल सोमी परदोष है। इसलिए स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है। सभी तरह की व्यवस्था की गई है।

डाक बम कांवरियों के लिए विशेष सुविधा
बाबा गरीबनाथ मंदिर से 100 मीटर पहले माखन साह चौक से कांवरियों को नियंत्रित और पंक्तिबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। डाक बम लेकर आने वाले कांवरियों को हरिसभा चौक से सीधे साहू रोड होते हुए मंदिर मार्ग में प्रवेश कराया जा रहा है। उन्हें रास्ते में किसी तरह की बाधा नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। आधी रात के बाद से जलाभिषेक के लिए कांवरियों की भीड़ बढ़ती गई। सुबह तक लगातार कांवरियो का ताता लगा रहा।

59 दिनों का है सावन
मलमास पड़ने के कारण इस बार सावन 59 दिनों का होगा। ऐसा संयोग 19 वर्षों के बाद आया है। दो महीने में आठ सोमवार पड़ेंगे। सावन 31 अगस्त तक रहेगा। पहला सोमवार 10 जुलाई को और अंतिम सोमवार 28 अगस्त को होगा। इस साल रक्षाबंधन 31 अगस्त को पड़ेगा। इस महीने शिवलिंग का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है। सावन में रुद्राभिषेक, रामार्चा पूजन, रामचरित मानस पाठ, रामधुन कीर्तन और हवन यज्ञ करने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। मलमास के कारण इस बार चातुर्मास चार महीने की बजाय पांच महीने का होगा।
इस सावन के आठ सोमवारी :-पहला सोमवार 10 जुलाई, दूसरा सोमवार 17 जुलाई, तीसरा सोमवार 24 जुलाई, चौथा सोमवार 31 जुलाई, पांचवां सोमवार 7 अगस्त, छठा सोमवार 14 अगस्त, सातवां सोमवार 21 अगस्त, आठवां सोमवार 28 अगस्त







