बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 31 अगस्त को मुंबई जा रहे हैं। I.N.D.I.A की होने वाली तीसरी बैठक में वे शिरकत करेंगे। यह उनकी दो दिनों की यात्रा होगी। नीतीश कुमार बैठक में भाग लेने के बाद 1 सितंबर को वापस पटना लौट आएंगे। इस बैठक का एजेंडा क्या होगा, यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक से पहले ही साफ कर दिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए I.N.D.I.A का सीट बंटवारे का फॉर्मूला मुंबई में तय किया जाएगा।
मुंबई मीटिंग में हर बात फाइनल हो जाएगी
सीएम नीतीश कुमार ने पटना में लोहिया पथ चक्र का निरीक्षण करने के दौरान कहा कि पद हासिल करने की मेरी कोई निजी महत्वाकांक्षा नहीं है। मैं बस सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना चाहता हूं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि मुंबई में कुछ और पार्टियां हमारे साथ जुड़ेंगी। बैठक में यह भी तय होगा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा। मुंबई मीटिंग में हर बात फाइनल हो जाएगी।
बीजेपी नेताओं के बयान पर ध्यान नहीं देते
नीतीश कुमार ने कहा कि मुंबई में बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को निर्धारित है। इसकी मेजबानी एनसीपी और शिवसेना-यूबीटी द्वारा की जाएगी। बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर बीजेपी के बयान नीतीश कुमार ने कहा कि उन लोगों के बयान पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। हम विपक्षी दलों को एकजुट कर रहे हैं और इससे निश्चित रूप से उन्हें नुकसान होगा। इसलिए वे हमारे खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। मैं उनके बयानों पर ध्यान नहीं देता।







