भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में मंगलवार से जारी चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव को शुभ करार दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की प्रमुख बातें…
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “2018 में भी यह ईश्वर का ही आदेश था, जब विपक्ष के साथी अविश्वास प्रस्ताव लाए थे… मैंने उस वक्त भी कहा था कि अविश्वास प्रस्ताव हमारी सरकार का फ्लोर टेस्ट नहीं है, बल्कि उन्हीं का फ्लोर टेस्ट है, जो इसे लाए हैं… हुआ भी वही, मतदान होने पर विपक्ष के पास जितने वोट थे, उतने भी उन्हें नहीं मिल सके थे… उसके बाद चुनाव में भी उसी का फायदा हुआ… 2019 के चुनाव में NDA को भी पहले से ज़्यादा सीटें मिलीं, और BJP को भी…”
- प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जिनके खुद के बही-खाते बिगड़े हुए हैं, वही हमसे हिसाब मांग रहे हैं…” इसके अलावा, PM ने विपक्ष पर यह भी आरोप लगाया कि वे बिना कोई तैयारी किए अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए. प्रधानमंत्री ने कहा, “अविश्वास प्रस्ताव वे (विपक्ष) लेकर आए, यानी फ़ील्डिंग विपक्ष की ओर से की गई थी, लेकिन चौके-छक्के यहां से (सत्तापक्ष की ओर से) लग रहे थे… सत्तापक्ष की ओर से शतक ठोके जा रहे थे, और विपक्षी दल लगातार नो-बॉल पर नो-बॉल फेंके जा रहे थे…”
- PM नरेंद्र मोदी ने दावा किया, “यह इस सदी का वह कालखंड है, जब देश के सारे सपने पूरे होंगे… यह कालखंड जो गढ़ेगा, उसका प्रभाव इस देश पर एक हज़ार साल तक रहने वाला है… 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प और परिश्रम 1000 साल तक असर डालने वाला होगा…”
- प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने अपने युवाओं को खुले आसमान में उड़ने का हौसला और अवसर दिया है… हमने भारत की साख को भी संवारा है… दुनिया भी यह जान चुकी है कि भारत दुनिया के भविष्य की बेहतरी में क्या-क्या योगदान दे सकता है… अविश्वास प्रस्ताव की आड़ में विपक्ष ने देश की जनता के विश्वास को तोड़ने की असफल चेष्टा की है…”
- PM नरेंद्र मोदी ने दावा किया, “आज देश में गरीबी तेज़ी से घट रही है… पिछले 5 साल में 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं… भारत ने अति-गरीबी को करीब-करीब खत्म कर दिया है… IMF ने हमारे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम को ‘टेक्नोलॉजिकल मार्वल’ करार दिया है…”
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर करारा वार करते हुए कहा, “ये लोग (विपक्ष) भारत के बारे में अच्छी बात सुन ही नहीं सकते… भारत की उपलब्धियों पर कांग्रेस और विपक्ष के कुछ दलों को अविश्वास है… अविश्वास और घमंड इनकी (विपक्षी दलों की) रगों में रच-बस गया है… वैसे, जब भी घरों में कुछ मंगलकार्य होता है, कोई बच्चा नए कपड़े पहनता है, तो काला टीका लगा दिया जाता है… मैं विपक्षी दलों का धन्यवाद करता हूं कि जब दुनियाभर में देश की जय-जयकार हो रही है, आप लोगों ने काले कपड़े पहनकर देश के मंगल को सुरक्षित करने का काम किया है…”
- विपक्षी दलों द्वारा देश की आर्थिक स्थिति और अर्थव्यवस्था पर की गई टिप्पणियों को लेकर करारा वार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “जब आपकी सरकार थी, यानी 2014 तक देश दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं की सूची में 10वें, 11वें, 12वें स्थान के बीच डोलता रहता था, लेकिन 2014 के बाद अब तक हमारा देश पांचवें पैायदान पर पहुंच चुका है… मुझे विश्वास है कि अगली बार 2028 में जब आप अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएंगे, तब तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका होगा…”






