दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रविवार सुबह CRPF और दिल्ली पुलिस की निगरानी में एक हनुमान मंदिर और मजार को हटाया गया। सड़क चौड़ी करने के लिए राजधानी के PWD डिपार्टमेंट ने यह कार्रवाई की। मंदिर हटाने से पहले एडिशनल DCP सुबोध गोस्वामी ने हनुमान जी की पूजा भी की।
दिल्ली के भजनपुरा इलाके में पीडब्ल्यूडी द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। भजनपुरा में सड़क पर स्थित दो धार्मिक स्थलों में मजार और मंदिर को सुबह प्रशासन द्वारा हटवाया गया। इस दौरान पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहे। वहीं, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
दिल्ली उत्तर पूर्व जिला डीसीपी का कहना है कि भजनपुरा चौक पर तोड़फोड़ अभियान शांतिपूर्वक चला। दिल्ली की धार्मिक समिति द्वारा सहारनपुर राजमार्ग की सड़क को और चौड़ा करने के लिए एक हनुमान मंदिर और एक मजार को हटाने का निर्णय लिया गया। दोनों ढांचों को शांतिपूर्वक हटा दिया गया है।
सीलमपुर एसडीएम शरत कुमार ने बताया कि भजपनपुरा इलाके में एक हनुमान मंदिर और सड़क के बीच एक मजार थी। आज की कार्रवाई में दोनों को हटाया है। यह PWD की सड़क है और 15 दिन का नोटिस दिया था जो 15 मई को खत्म हो गया था। इस पर कार्रवाई न होने पर जिला उत्तर-पुर्व की तरफ से यह कार्रवाई की है।
आम आदमी पार्टी ने एलजी को घेरा
इस मामले पर दिल्ली सरकार ने एलजी पर निशाना साधा है। आतिशी ने कहा, ‘एलजी साहब, मैंने कुछ दिनों पहले आपसे पत्र लिख कर अनुरोध किया था कि दिल्ली में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को तोड़ने का जो आपका निर्णय, वो आप वापस ले लें। परंतु आज फिर से आपके आदेश पर भजनपुरा में एक मंदिर तोड़ दिया गया है। मेरा आपसे पुनः निवेदन है की दिल्ली में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को ना तोड़ा जाए। इन से लोगों की आस्था जुड़ी है।’







