रूस में गहराए गृहयुद्ध के संकट के बीच राष्ट्रपति पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित किया. पुतिन ने कहा कि, रूस अपने भविष्य के लिए कड़ा संघर्ष कर रहा है और इसके लिए उन सभी चीजों को छोड़ने की जरूरत है जो हमें कमजोर करती हैं. उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्र के भाग्य का फैसला अभी किया जा रहा है, हमें सभी ताकतों को एकजुट करने और किसी भी मतभेद को दूर करने की आवश्यकता है.
अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि आज हम जिस चीज का सामना कर रहे हैं वह आंतरिक विश्वासघात है. हमें रूस में अपनी सभी सेनाओं की एकता की आवश्यकता है. जो कोई भी विद्रोह के पक्ष में कदम उठाएगा उसे दंडित किया जाएगा. उन्हें कानून और हमारे लोगों को जवाब देना होगा.
अभी हम जो देख रहे हैं वह पीठ में छुरा घोंपने जैसा है, और उन्हें इसकी सजा भुगतनी होगी. हम अपने लोगों के जीवन और सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं और किसी भी मतभेद को दूर किया जाना चाहिए. पुतिन ने बहुत ही कड़े शब्दों में कहा कि, इस सशस्त्र विद्रोह पर हमारी प्रतिक्रिया कठोर होगी. निजी हितों के कारण देश के साथ विश्वासघात हुआ और हम अपने देश और अपने नागरिकों की रक्षा करेंगे.
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने देश के नाम संबोधित में कहा- वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में जिस प्राइवेट आर्मी ‘वैगनर ग्रुप’ की मदद ले रहे थे, उसने उनके खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है. पश्चिमी मीडिया में चल रहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक वैगनर ग्रुप ने रोस्तोव में रूस के सैन्य मुख्यालय के सामने डेरा जमा दिया है. वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन ने रूसी सैनिकों पर हमला करने की धमकी दी है. प्रिगोझिन ने कहा कि उनकी 25,000सैनिकों की मजबूत सेना ‘मरने के लिए तैयार’ है. BNO न्यूज के अनुसार प्रिगोझिन ने कहा है कि ‘हमारे पास लक्ष्य हैं, हम सभी मरने को तैयार हैं. क्योंकि हम अपनी मातृभूमि के लिए मर रहे हैं, हम रूसी लोगों के लिए मर रहे हैं, जिन्हें उन लोगों से मुक्त कराया जाना चाहिए जो नागरिकों की हत्या कर रहे हैं.’
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।
रोस्तोव में मिलिट्री हेडक्वार्टर के बाहर वैगनर लड़ाके और गाड़ियां मौजूद
रूसी मीडिया RT ने भी प्रिगोजिन के हवाले से कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिसमें रोस्तोव की सड़कों और मिलिट्री हेडक्वार्टर के बाहर वैगनर के लड़ाके और बख्तरबंद गाड़ियां नजर आ रही हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है।
मॉस्को में रूसी सेना सड़कों पर उतरी, सरकारी ऑफिस खाली कराए
अल-जजीरा के रिपोर्ट्स ने बताया कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा- सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में FSB (फेडरल सिक्योरिटी सर्विस) कार्यालयों को खाली कराया जा रहा है। वे रोस्तोव से मॉस्को जाने वाले रास्ते पर हैं।







