यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फाइटर विमानों का एयर शो शुरू हो गया है। फाइटर प्लेन सुखोई और मिराज ने एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो की एक्सरसाइज की। 4 घंटे चलने वाले एयर शो के लिए 12 किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया है। इससे पहले शनिवार को सुल्तानपुर स्थित अरवल कीरी करवत की स्ट्रिप का एयरफोर्स के अफसरों ने इंस्पेक्शन किया।
#WATCH उत्तर प्रदेश: आपातकालीन अभ्यास के तहत भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उतरे। इस अभ्यास में लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर सहित विभिन्न प्रकार के विमानों ने भाग लिया। pic.twitter.com/IoLU7xIpfm
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 24, 2023
एक्सप्रेस-वे पर बनी यह एयर स्ट्रिप 3.2 किमी. लंबी है। यूपीडा यानी यूपी एक्सप्रेस इंडस्ट्रियल डेवपलमेंट अथॉरिटी ने स्ट्रिप की मेंटेनेंस करके इसे शुक्रवार को एयरफोर्स को हैंडओवर कर दिया था। सुल्तानपुर के डीएम जसजीत कौर ने बताया कि एयरफोर्स ने सारंगपुर स्थित राजकीय ITI में अपना अस्थायी बेस बनाया है। एयर-शो के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर में 12 किमी रूट को डायवर्ट किया गया। जगह-जगह डिवाइडर लगाए गए।
यूपीडा ने किया मेंटीनेंस, डीएम-एसपी ने किया इंस्पेक्शन
इससे पहले, 9 जून यानी शुक्रवार को एयरफोर्स अफसरों ने एयर स्ट्रिप का इंस्पेक्शन किया था। इस दौरान जो कमियां नजर आईं थी, उसको ठीक करने के लिए यूपीडा से कहा था। यूपीडा ने मेंटिनेंस के बाद एयर स्ट्रिप को दुरुस्त करके एयरफोर्स को सौंप दिया।
16 नवंबर 2021 को भी उतरे थे फाइटर प्लेन
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का इनॉगरेशन 16 नवंबर, 2021 को पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था। कार्यक्रम के दौरान भी एयर स्ट्रिप पर सुखोई, जगुआर और मिराज जैसे लड़ाकू जहाजों ने आसमान में करीब एक घंटे तक करतब दिखाए थे। खुद पीएम मोदी एयरफोर्स के हरक्युलिस जहाज से एयर स्ट्रिप पर उतरे थे।
लखनऊ से गाजीपुर तक बने 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लागत 22.494 करोड़ रुपए है। अक्टूबर, 2018 से इसका निर्माण शुरू हुआ था, जो सितंबर 2021 में बनकर कम्प्लीट हुआ।







