रेल मंत्रालय ने पटना से रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह ट्रेन पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी और दोपहर एक बजे रांची पहुंचेगी। ट्रेन सप्ताह में मंगलवार को छोड़ बाकी सभी छह दिन चलेगी। पटना से रांची जानेवाली वंदे भारत ट्रेन का नंबर- 22349 है। जबकि रांची से पटना आनेवाली ट्रेन का नंबर- 22350 है। यह रांची से शाम 4:15 बजे खुलेगी और रात 10:05 मिनट पर पटना पहुंचेगी।
ट्रेन रांची से पटना के बीच की दूरी 5 घंटा 50 मिनट तय करेगी। रेल मंत्रालय ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन ने रेल मंत्रालय के पास वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल भेजा था तो इसमें हटिया से ट्रेन का परिचालन होना था, लेकिन मंत्रालय ने हटिया से ट्रेन परिचालन का निर्णय खारिज कर दिया और अब रांची से ही पटना के लिए ट्रेन खुलेगी और पटना से रांची तक ही आएगी। वंदे भारत ट्रेन का उदघाटन 27 जून को होगा। पीएम मोदी ऑनलाइन हरी झंडी दिखाएंगे।

6 घंटे में पूरी होगी दूरी
पटना से रांची के बीच की 385 किमी की दूरी को तय करने में ट्रेन को 6 घंटे 15 मिनट का समय लगेगा. इस हिसाब से ट्रेन की औसतन रफ्तार 61 किमी प्रति घंटा की होगी. सूत्रों का यह भी दावा है कि ट्रेन के किराये को लेकर भी बात फाइनल हो गई है. हालांकि इसको लेकर भी अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. पटना से रांची के सफर के लिए यात्रियों को एग्जीक्यूटिव क्लास में 1,760 रुपये और चेयरकार के लिए 890 रुपये का भुगतान करना होगा.
ट्रेन के किराये में कैटरिंग की राशि नहीं जोड़ी गई है. यात्री अगर चाहे तो अपनी इच्छा के अनुसार भुगतान करके खाने या नाश्ते का ऑर्डर कर सकते हैं. ट्रेन में दो लोको पायलट के साथ 530 यात्रियों की यात्रा करने की क्षमता होगी. ट्रेन 128 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. आपको बता दें फिलहाल देशभर में अलग-अलग रूट पर 18 वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही हैं. पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन 2019 में नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी मार्ग पर किया गया था.
वहीं, पटना-रांची रूट के बाद बिहार के सीमांचल से यूपी के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव आया है। इसका फायदा कटिहार, अररिया, पूर्णिया के अलावा बिहार के अन्य जिलों के लोगों को मिलेगा। रेलवे बोर्ड जल्द ही कटिहार से वाराणसी के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने पर मुहर लगा सकता है। कटिहार से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत के विशेष रैक का भी अप्रूवल मिल चुका है। चर्चा कि संबंधित कोच जल्द ही कटिहार को उपलब्ध कराया जाएगा। रैक मिलने के बाद ही संबंधित ट्रेन के विभिन्न कोचों से संबंधित ट्रायल किया जाएगा।







