पटना से करीब 30 किलोमीटर दूर धनरुआ प्रखंड के नदवा गांव की महादलित बस्ती में इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह खास रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 15 अगस्त को पहली बार नदवा की महादलित बस्ती पहुंचे। यहां 85 वर्षीय योगेश्वर मांझी के हाथों झंडोत्तोलन कराया गया।
मुख्यमंत्री के आने को लेकर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री को देखने और उनका संबोधन सुनने को लेकर ग्रामीण उत्साहित दिखे। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीण बोले- ऐतिहासिक मौका
गांव के मुखिया शंकर कुमार ने बताया, ‘11 अगस्त को उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना मिली थी। मुख्यमंत्री का महादलित बस्ती में आना और बस्ती के 85 वर्षीय योगेश्वर मांझी के हाथों झंडोत्तोलन कराया जाना, पूरे गांव के लिए गौरव की बात है।’
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री का महादलित बस्ती में पहुंचना उनके लिए ऐतिहासिक अवसर है।
पिछले 4 दिन से चल रही तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नदवा गांव में पिछले चार दिनों से तैयारियां चल रही थीं। गांव की सड़कों और महादलित बस्ती में साफ-सफाई कराई गई। रास्तों को दुरुस्त करने के साथ आसपास के इलाके को सजाया गया।
प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई थी। आने-जाने वाले रास्तों पर भी विशेष व्यवस्था की गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए नदवा गांव में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के रास्तों पर प्रशासन की नजर रही।







