चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात तट से टकरा गया है. तट पर 130 KMPH की रफ्तार से तेज हवा चल रही है. भारत सरकार की तरफ से तूफान से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. भारतीय सेना, एनडीआरएफ सहित सभी एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है. केंद्र सरकार के मंत्री स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं. गृहमंत्री अमित शाह ने अपना तेलंगाना का दौरा रद्द कर दिया है.
गुजरात के तट से टकराया बिपरजॉय, समंदर में उठीं 5 मीटर ऊंची लहरें
विनाशकारी चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात के तट से टकरा गया है। इसका लैंडफॉल रात 12 बजे तक रहेगा। इस बीच गुजरात के कई शहरों की बिजली काट दी गई है, और समंदर में 5 मीटर ऊंची लहरें उठ रही हैं।
चक्रवाती तूफान Biparjoy गुजरात तट से टकरा गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सौराष्ट्र कच्छ और जखाऊ बंदरगाह के पास मांडवी और कराची के बीच पाकिस्तानी तटों को पार करेगा. मौसम विभाग की तरफ से दावा किया गया है कि लैंडफॉल की प्रक्रिया 4 घंटे तक चलेगी.
IMD के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि फिलहाल यह 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है. कच्छ, सौराष्ट्र में लैंडफॉल शुरू हो गया है. सौराष्ट्र, कच्छ में भारी बारिश हो रही है, आगे और तेज बारिश की संभावना है. मध्य रात्रि तक लैंडफॉल जारी रहेगा.
हमने अपने जहाज बचाव और राहत कार्य के लिए बंदरगाह पर तैनात किए हैं। हमारे 3 ऑफशोर पेट्रोल वाहन, 4 फास्ट पेट्रोल वाहन, 8 इंटरसेप्टर नांव, 3 डोर्नियर, 1 ALH गुजरात में तैयार हैं। 4 डोर्नियर, 4 चेतक और 1 ALH दमन में तैयार है। हमने गुजरात में 23 DRTs (आपदा प्रतिक्रिया टीम) तैयार की हैं : भारतीय तट रक्षक के उप महानिदेशक एम. वी. पाठक, दिल्ली
चक्रवात जब कराची और मांडवी के बीच तट को पार करेगा तब हवा की गति 115-125 किमी प्रति घंटा रह सकती है। ये गति एक VSCS(बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान) की गति है। इसके प्रभाव के कारण नुकसान हो सकता है। आज पूरे दिन समुद्र में ऐसी(ऊंची लहरें) ही स्थिति रहेगी: डॉ मृत्युंजय महापात्र, महानिदेशक, आईएमडी , दिल्ली
47 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। लोगों को हर प्रकार की सुविधा दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 270 महिलाओं की डिलवरी हो गई है। सभी टीमें सुनिश्चित कर रही हैं कि नुकसान कम से कम हो: गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल, गांधीनगर
मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :
- गुजरात में तूफान से सबसे अधिक कच्छ के प्रभावित होने की संभावना है. कच्छ में समंदर के किनारे एकदम सन्नाटा पसरा हुआ है. तूफ़ान से डरे लोग जल्द से जल्द समंदर से दूर जा रहे हैं. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी इस क्षेत्र में हो रही है.
- गुजरात के कच्छ से अब तक करीब 74 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. 9 कस्बे पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं, हजारों लोगों को शेल्टर होम में रखा गया है.
- एनडीआरएफ की 19 टीमों को तैनात किया गया है. कुल मिला कर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 30 टीमें तैनात की गईं हैं. बीएसएफ भी आने वाले वक्त की चुनौती के लिए तैयार है. यह तूफान गुजरात होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ेगा.
- पश्चिमी रेलवे ने करीब 95 ट्रेनें रद्द की हैं. स्कूल बंद कर दिए गए हैं. तेल उत्खनन के सभी कुएं और बंदरगाह बंद कर दिए गए हैं. आकाशवाणी ने अपने टावर को हटा लिया है.
- मौसम विभाग के डीजी एम महापात्रा ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा है कि हमने साइक्लोन जखाऊ पोर्ट के पास 15 जून की शाम को एक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान बनकर तट से टकराने का जो पूर्वानुमान जारी किया है, हम उस पर कायम हैं. साइक्लोन 15 जून की शाम को (4pm से 8pm के बीच) जखाऊ पोर्ट के पास तट से टकराएगा. उस समय समुद्री हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
- गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को तेलंगाना का दौरा रद्द कर दिया है. मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर तेलंगाना में उनका कार्यक्रम होने वाला था. अमित शाह की तीन सभाएं होने वाली थी. गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह गृह मंत्रालय में ही मौजूद रह कर तूफान के हालात पर नजर रखेंगे.
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को तीनों सेना प्रमुखों से बात की और चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के प्रभाव से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा की. तैयारियों की समीक्षा करने के बाद सिंह ने कहा कि सशस्त्र बल चक्रवात के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने में हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं.
- चक्रवात के भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा से गुजरने की संभावना व्यक्त की गई है. अंतर्राष्ट्रीय सीमा की रक्षा करने के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल द्वारा बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है. सिविल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और सिविल प्रशासन तथा स्थानीय लोगों को सभी प्रकार की आवश्यक सहायता के लिए कार्य योजना सुनिश्चित की जा रही है.
- राजस्थान की मुख्य सचिव उषा शर्मा ने कहा है कि राजस्थान सरकार बिपरजॉय चक्रवाती तूफान से बचाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है.उन्होंने कहा कि किसी भी हालात से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एस डी आर एफ) की 17 टीम नियुक्त की गई हैं और 30 टीम को तैयार रहने को कहा गया है, जहां कहीं भी इसकी जरूरत होगी, वहां इन्हें भेजा जाएगा.
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को चक्रवात ‘बिपारजॉय’ से निपटने के लिए कच्छ में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कच्छ जिले के सरकारी अस्पतालों, ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पतालों और क्षेत्र के अन्य अस्पतालों में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर आदि की उपलब्धता की भी समीक्षा की.
तूफान के मद्देनजर दिल्ली के रेलभवन में कंट्रोल रूम बनाया गया
तूफान बिपरजॉय के चलते रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं। कच्छ, द्वारका और आसपास के 8 जिलों से गुजरनेवाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को मिलाकर कुल 125 से अधिक ट्रेनें कैंसिल की गई हैं। वहीं दवा और राहत सामग्री के लिए ट्रेनों को स्टैंडबाइ पर रखा गया है।
मांडवी में बिपरजॉय तूफान का असर दिखना शुरू
गुजरात के मांडवी में तूफान बिपरजॉय का असर दिखना शुरू हो गया है। यहां काफी तेज गति से हवाएं चल ही हैं और बारिश भी हो रही है।
कच्छ में तूफान से निपटने की पूरी तैयारी
चक्रवात के आज शाम 4 से 5 बजे के बीच लैंडफॉल कर सकता है। 46,000 लोगों को शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया। NDRF की 6, RPF की 3 टीमें, SDRF की 2 टीमें और सेना के 8 कॉलम स्टैंडबाय पर हैं। 20 हजार से अधिक जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। सभी शेल्टर होम्स में पर्याप्त मात्रा में भोजन और राशन उपलब्ध है। रोड क्लीयरेंस के लिए 50 टीमें तैयार हैं-अमित अरोड़ा, कलेक्टर, कच्छ
6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ बढ़ रहा है तूफान
यह तूफान पिछले 6 घंटों के दौरान 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। 15 जून सुबह 5.30 बजे यह तूफान जखाऊ पोर्ट (गुजरात) से लगभग 180 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित था। देवभूमि द्वारका से 210 किमी पश्चिम में, नलिया से 210 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में, पोरबंदर से 290 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम में, और कराची से 270 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। आज शाम तक यह तूफान लैंडफॉल कर सकता है। मांडवी (गुजरात) और कराची (पाकिस्तान) के बीच इस तूफान का लैंडफॉल हो सकता है। लैंडफॉल के वक्त इसकी रफ्तार 125 से 140 किमी प्रति घंटे रह सकती है।
दिल्ली : तूफान बिपरजॉय की मॉनिटरिंग
दिल्ली स्थित मौसम विभाग के मुख्यालय में तूफान बिपरजॉय पर नजर रखी जा रही है। यहां एक वॉर रूम बनाया गया और इसे 4 हिस्सों में बांटकर इस गंभीर तूफान पर नजर रखी जा रही है।
द्वारकाधीश मंदिर आज श्रद्धालुओं के लिए बंद
महातूफान बिपरजॉय के चलते गुजरात के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी है। वहीं इस बीच द्वारकाधीश मंदिर को आज श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया है।
राहत और बचाव के लिए सेना और NDRF की टीमें तैनात
गुजरात के 8 जिलों में सेना, एयरफोर्स, नेवी, कोस्टगार्ड, NDRF, SDRF की टीमें तैनात की गई हैं। गुजरात के अलावा अन्य राज्यों में NDRF की 42 टीम तैनात की गई है







