बुधवार को देशभर में रंगों की बारिश हुई। लोगों ने पूरे जोश और उमंग के साथ होली मनाई। होली का जोश नेताओं में भी दिखा। राजनीतिक दलों और बड़े-बड़े नेताओं ने होली के कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में होली के रंग के अलावा सियासत और डिप्लोमेसी के रंग भी दिखे। दिल्ली में राजनाथ सिंह ने अपने घर पर होली मिलन का कार्यक्रम रखा और इसमें अमेरिका की कॉमर्स सेक्रेट्री जीना रायमोंडो भी शामिल हुई। उन्होंने ‘आज बिरज में होली रे रसिया’ गीत की धुन पर डांस किया। उन्होंने अपने साथ राजनाथ सिंह को भी डांस कराया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ताली बजाई।
इस होली मिलन समारोह में जी-20 देशों के ज्यादातर मंत्रियों ने हिस्सा लिया। राजनाथ सिंह ने जीना रायमोंडो को एक दिग्गज राजनीतिज्ञ बताया। उन्होंने कहा कि जीना होली समारोह को लेकर उत्सुक थीं इसलिए मैंने उन्हें यहां आमंत्रित किया। रायमोंडो चार दिनों की यात्रा पर भारत आई हैं और वह भारत-अमेरिका वाणिज्यिक वार्ता और सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगी। अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने कहा, उनकी यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच ‘व्यापार और निवेश के नए अवसरों को खोलना है’। भारत और अमेरिका हिंद-प्रशांत आर्थिक ढांचे का हिस्सा हैं। पीयूष गोयल ने कहा भारत और अमेरिका एक-दूसरे के नेचुरल सहयोगी हैं। हमारा एजेंडा संभावनाओं से भरा है और हम एक सुरक्षित इंडो-पैसेफिक (हिंद-प्रशांत) के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बहुत रिजर्व रहने वाले इंसान हैं लेकिन जब जीना रायमोंडो ने उनसे डांस करने का आग्रह किया तब पहली बार वे कैमरे के सामने थिरकते हुए नजर आए।






