घालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। दोनों राज्यों की 60 में से 59 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। 9 बजे तक मेघालय में 12.06% और नगालैंड में 17.17% वोट डाले जा चुके हैं। इन दोनों राज्यों में चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे।
नगालैंड में 60 सीटें हैं, लेकिन एक सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद 59 सीटों पर ही वोटिंग होगी। यहां भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया है। वहीं, मेघालय में UDP उम्मीदवार एच. डी. आर. लिंगदोह के निधन के बाद सोहियोंग सीट पर चुनाव टाल दिया गया है।
विधानसभा चुनाव और बायपोल से जुड़े अपडेट्स
- नगालैंड के मोकोकचुंग जिले के उमाबस्ती इलाके में अलोगताकि पोलिंग बूथ पर वोटिंग के दौरान पथराव हुआ। हिंसा के चलते वोटिंग रोक दी गई।
- नगालैंड के भंडारी पोलिंग स्टेशन पर फायरिंग हुई, जिसमें NPP वर्कर घायल हो गया है।
- भाजपा उम्मीदवार सेरिंग ल्हामू ने अरुणाचल प्रदेश की लुमला विधानसभा सीट का उपचुनाव निर्विरोध जीत लिया है।
- 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग हो रही है। इनमें पश्चिम बंगाल की सागरदिघी, झारखंड के रामगढ़ और तमिलनाडु के ईरोड सीट शामिल हैं।
सबसे पहले देखिए नगालैंड और मेघालय में मतदान की कुछ तस्वीरें….










अभी दोनों राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकार
इस समय दोनों ही राज्यों में भाजपा की गठबंधन की सरकार है। मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है, लेकिन इस बार दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, नगालैंड में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा गठबंधन की सरकार है। इस बार भी दोनों पार्टियां साथ चुनाव लड़ रही हैं।

नगालैंड में 2,315 बूथ, मैदान में 183 कैंडिडेट
नगालैंड के 16 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर सोमवार को मतदान हो रहे हैं। 10 फरवरी को अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कैंडिडेट खेकाशे सुमी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा कैंडिडेट कजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।
चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर वी. शशांक शेखर ने कहा- राज्य में कुल 13 लाख मतदाता हैं। 59 सीटों के 2,315 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 183 कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं, जिसमें 4 महिला और 19 निर्दलीय कैंडिडेट शामिल हैं।
मेघालय में 3,419 बूथ, मैदान में 375 कैंडिडेट
मेघालय के 12 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में मतदान हो रहे हैं। इसके लिए 3,419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां NPP 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस और BJP ने 60-60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा TMC के 56 कैंडिडेट भी चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में कुल 30 लाख मतदाता हैं। मैदान में 375 कैंडिडेट हैं, जिसमे 339 पुरुष, 36 महिलाएं शामिल हैं।

अब दोनों राज्यों की राजनीति आसान भाषा में समझिए…
मेघालय विधानसभा: सीटें- 60, बहुमत- 31
मेघालय में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। कांग्रेस को सबसे ज्यादा 21 सीटें मिली थीं। कोनराड संगमा की पार्टी NPP को 19 सीटें मिली थीं। अन्य पार्टियों में UDP को 6, PDF को 4, BJP और HSPDP को दो-दो सीट पर मिली थीं। कोनराड संगमा नहीं चाहते थे कि कांग्रेस सत्ता में आए, इसीलिए उन्होंने भाजपा सहित बाकी दलों के सहयोग से गठबंधन की सरकार बनाई बनाई और वह राज्य के मुख्यमंत्री बने।
मेघालय में सभी पार्टियां अपने दम पर चुनाव लड़ रहीं
5 साल बाद अब मेघालय का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल चुका है। राज्य में इस बार ममता बनर्जी की पार्टी TMC भी चुनावी मैदान में है। इस पर राहुल गांधी का कहना है कि मेघालय में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए ममता बनर्जी मदद कर रही हैं।
दूसरी तरफ, NPP और भाजपा का गठबंधन टूट चुका है। दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनावी मैदान में उतरी हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो मेघालय में चतुष्कोणीय लड़ाई चल रही है। एक तरफ TMC-UDP चुनाव लड़ रही हैं तो दूसरी तरफ NPP, तीसरी तरफ भाजपा है तो चौथे कोने पर कांग्रेस है।

नगालैंड विधानसभा: सीटें-60, बहुमत-31
नगालैंड में नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) की सरकार है। नेफ्यू रियो CM हैं। NDPP 2017 में अस्तित्व में आई थी। NDPP ने तब 17 और भाजपा ने 12 सीटें जीती थीं। दोनों दलों ने चुनाव से पहले गठबंधन किया था। पिछले साल दोनों दलों ने जॉइंट स्टेटमेंट में कहा था कि NDPP 40 और भाजपा 20 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगी।

नगालैंड में विपक्ष भी सरकार के साथ
चुनावी नतीजों के कुछ समय बाद ही क्षेत्रीय पार्टी NPF के ज्यादातर विधायकों ने NDPP में चले गए थे। वहीं बाद में NPF के बचे 4 विधायकों ने भी सरकार का समर्थन कर दिया था। ऐसे में राज्य में सभी 60 विधायक सत्तापक्ष के हो गए। कुल मिलकर कहा जाए तो नगालैंड में विपक्ष में कोई नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगालैंड और मेघालय में तीन चुनावी सभाओं में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने मेघालय के शिलॉन्ग में कहा कि कुछ लोग जिनको देश ने नकार दिया है, जो निराशा के गर्त में डूब चुके हैं, वो आजकल माला जपते हैं और कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी, लेकिन देश कह रहा है, देश का कोना कोना कह रहा है, मोदी तेरा कमल खिलेगा।







