साउथ फिल्म इंडस्ट्री पर इस समय दुखों का बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है। पिछले तीन दिनों में तीन बड़ी हस्तियों के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री बुरी तरह हिल गई है। जहां 2 फरवरी को डायरेक्टर और एक्टर के. विश्वनाथ चल बसे, वहीं 4 फरवरी को मशहूर सिंगर वाणी जयराम चेन्नै स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत मिलीं। और अब 5 फरवरी को तमिल के पॉपुलर डायरेक्टर और एक्टर टीपी गजेंद्रन का निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि TP Gajendran उम्र संबंधी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से बीमार थे। इस वजह से उनका निधन हो गया। वह किडनी की समस्या से भी जूझ रहे थे। इसका इलाज करवाकर वह 4 फरवरी को ही घर लौटे थे। लेकिन अगले ही दिन चल बसे। टीपी गजेंद्रन ने 68 साल की उम्र में आखिरी सांस ली।
एमके स्टालिन ने दोस्त टीपी गजेंद्रन को दी श्रद्धांजलि
टीपी गजेंद्रन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के करीबी मित्र रहे। दोनों ने कॉलेज की पढ़ाई भी एक साथ की थी। तभी से टीपी गजेंद्ररन और एमके स्टालिन की गहरी दोस्ती थी। टीपी गजेंद्रन के निधन से एमके स्टालिन को बड़ा झटका लगा है। वह तुरंत ही एक्टर के घर अंतिम विदाई देने पहुंचे। कुछ दिन पहले ही एमके स्टालिन टीपी गजेंद्रन से मिलने उनके घर भी गए थे।
100 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग, 15 से ज्यादा कीं डायरेक्ट
टीपी गजेंद्रन एक कॉमेडियन थे। उन्होंने 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘चिदंबरा रहस्यम’ से एक एक्टर तौर पर डेब्यू किया था। उन्होंने1988 में फिल्म ‘वीदु मनावी मक्कल’ से बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया। अपने दो दशक से भी लंबे करियर में टीपी गजेंद्ररन ने 15 से ज्यादा कॉमेडी फिल्में डायरेक्ट कीं। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग की थी। टीपी गजेंद्ररन पिछली बार 2022 में आई फिल्म Panni Kutty में नजर आए थे।







