राष्ट्रीय जनता दल के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पार्टी में नाराज चल रहे हैं। उन्होंने रविवार व सोमवार को दिल्ली में हुई आरजेडी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से भी किनारा कर लिया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब चर्चा ‘कौन बनेगा नया प्रदेश अध्यक्ष’ की चर्चाओं के बीच एक नया नाम सामने आया है। अभी तक लिस्ट में सबसे आगे अब्दुल बारी सिद्दीकी का नाम था, अब पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम भी रेस में शामिल दिख रहे हैं।
सिंगापुर जाने से पहले लालू से हुई मुलाकात
सूत्रों के अनुसार बिहार के पूर्व मंत्री व आरजेडी नेता शिवचंद्र राम को पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सिंगापुर रवाना होने से पहले उन्हें दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर मिलने के लिए बुलाया था। बताया जाता है कि उस मुलाकात में लालू ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कमान लेने को कहा। सूत्रों से मिली यह जानकारी सही है तो अब केवल इसकी औपचारिक घोषणा होनी शेष है।
नाराज जगदानंद सिंह से भी हो रही बातचीत
सूत्र बताते हैं कि लालू परिवार इस बार जगदानंद सिंह को मनाने के मूड में नहीं है। हालांकि, अंतिम औपचारिक बातचीत जारी है। लालू परिवार जानता है कि आरजेडी में बड़े सवर्ण चेहरा जगदानंद सिंह के इस्तीफा से प्रतिकूल राजनीतिक संदेश जा सकता है। कोशिश इसे बचाते हुए राजनीतिक हल निकालने की है।
आरजेडी में बड़ा पिछड़ा चेहरा शिवचंद्र राम
शिवचंद्र राम आरजेडी में लालू प्रसाद यादव के करीबी तथा पिछड़ी जाति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वे बिहार के पूर्व खेल मंत्री रह चुके हैं। उन्हें कुशेश्वरस्थान में उपचुनाव में पार्टी का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। हार के बावजूद आरजेडी ने वहां कड़ा मुकाबला किया था।




