हैदराबाद में चल रही है बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जमकर प्रशंसा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज से देश की राष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला होंगी और इससे आदिवासी समाज को देश की मुख्यधारा से जोड़ने का बड़ा मौका मिलेगा. प्रधानमंत्री ने मूर्मू के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने असाधारण आचरण से सभी को प्रेरणा देना का काम किया है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुर्मू का “जीवन असाधारण है.” मोदी ने आगे कहा कि मुर्मू के लिए भी वैसा ही उत्साह और भावना है जैसा कि पूर्व भारतीय राष्ट्रपति, दिवंगत एपीजे अब्दुल कलाम के लिए था.पीएम ने कहा कि लोगों ने मुर्मू को उसी तरह स्वीकार किया है जैसे उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति कलाम को किया था. जब कलाम को 2002 में नामित किया गया था तब भी लोगों में ऐसा ही उत्साह था.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी किस तरह से संयत रहकर समाज के लिए, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के लिए काम किया जा सकता है, द्रौपदी मुर्मू जी ने ये बखूबी करके दिखाया है. उनके असाधारण आचरण को देखते हुए ही एनडीए ने उन्हें अपना राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया है. इसके साथ ही पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम की भी प्रशंसा की.
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बीजेपी नेताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि लोगों ने अब्दुल कलाम को तब स्वीकार किया जब बीजेपी सरकार ने उनके नाम को राष्ट्रपति पद के लिए आगे बढ़ाया. आज वैसा ही उत्साह और भावनाएं द्रौपदी मुर्मू के लिए दिखाई दे रहा है. इसलिए सभी को देशहित में मुर्मू का समर्थन करना चाहिए.







