पटना सिविल कोर्ट में ब्लास्ट हुआ है. शुक्रवार को हुए इस ब्लास्ट में अगमकुआं थाना के एक दारोगा के जख्मी होने की सूचना है. वहीं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पटना सिविल कोर्ट में अचानक एक धमाका हुआ जिससे पूरा कोर्ट परिसर दहल गया. चारो तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया. वहीं इस धमाके में पटना पुलिस के एक दारोगा जख्मी हो गये. बताया जा रहा है कि जख्मी दारोगा अगमकुआं थाने में पोस्टेड हैं.
धमाके में जख्मी दारोगा को आनन-फानन में इलाज के लिए पीएमसीएच अस्पताल भेजा गया. वहीं घटना की जानकारी होते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. जानकारी के अनुसार, पीरबहोर थाने की पुलिस फौरन परिसर में पहुंच गयी.
बड़ी बात ये है कि बम को बतौर सबूत कोर्ट लाया गया था ताकि संबंधित केस के जज को दिखाया जा सके। लेकिन उसी दौरान बम में धमाका हो गया। धमाके के बाद कोर्ट में अफरातफरी मच गई। धुआं छंटा तो पता चला कि बम को लाने वाले दारोगा घायल हो गए हैं। लेकिन इस अजीब वाकये के दौरान अदालत के कैम्पस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एकबारगी सबको लगा कि कोर्ट में कोई वारदात हुई है। लेकिन थोड़ी देर में पता चल गया कि ये कोई वारदात नहीं बल्कि दुर्घटना थी।
कोर्ट में बतौर सबूत लाया गया बम फटा
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कोर्ट में एक केस के सबूत के तौर पर अगमकुआं थाने के दारोगा एक बम साथ लाए थे। ये बम केस में एक सबूत था, लेकिन इसी दौरान बम अचानक फट गया और अगमकुआं थाने के दारोगा इस विस्फोट में घायल हो गए। घायल दारोगा को इलाज के लिए फौरन पीएमसीएच ले जाया गया। हादसे में घायल होने वाले दारोगा का नाम सुधीर कुमार है। वो कोर्ट में सबूत के तौर पर बम लाए थे, वो बम को लेकर अभियोजन कार्यालय में पहुंचे थे। लेकिन अभियोजन दफ्तर में ही बम में धमाका हो गया।
अभियोजन दफ्तर में फटा बम
बताया जा रहा है कि एक केस के दौरान अगमकुआं थाना इलाके में एक जिंदा बम बरामद हुआ था। इसी केस में अगमकुआं थाने के दारोगा सुधीर कुमार सबूत के तौर पर बम को कोर्ट में लाए थे ताकि अभियोजन पक्ष इसका सत्यापन करा सके। लेकिन पेशी से पहले ही अभियोजन दफ्तर में ही बरामद बम फट गया। अब इस बात की तफ्तीश हो रही है कि क्या बम को सही तरीके डिफ्यूज नहीं किया गया था। पीरबहोर थाने की पुलिस अब इस केस की जांच कर रही है।







