विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिन विभागों के पदाधिकारी सजग हैं, उनका प्रदर्शन बेहतर भी हुआ है इसके लिए उनके नोडल पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने विधानसभा के वर्तमान मॉनसून सत्र के दौरान प्रश्नों के शत-प्रतिशत जवाब उपलब्ध कराने हेतु सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों को प्रश्नों के लिए निर्धारित तिथि को सत्र शुरू होने के कम से कम एक घंटे पूर्व सभा सचिव और प्रश्न वर्ग के प्रभारी उप सचिव से समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया.
विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने १७वीं बिहार विधान सभा के दूसरे सत्र से पंचम सत्र तक विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के लंबित उत्तरों और वर्तमान सत्र में विभागों द्वारा प्राप्त कराए जा रहे प्रश्नों के उत्तरों के संबंध में बिहार सरकार के सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों के साथ एक बैठक कर गहन समीक्षा की। यह बैठक विधानसभा के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गयी थी।
श्री सिन्हा ने सत्रवार और विभागवार लंबित प्रश्नों की समीक्षा की और अबतक कतिपय प्रश्नों के उत्तर प्राप्त नहीं होने पर संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों को लापरवाही के लिए फटकार लगायी। उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को पूर्व के सत्रों के सभी लंबित प्रश्नों के उत्तर १० जुलाई‚ २०२२ तक प्राप्त कराने का निदेश दिया तथा मौके पर उपस्थित संसदीय कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा को इसका अनुश्रवण करने की जिम्मेदारी दी। कहा‚ जब सरकार सजग होकर सभी प्रश्नों के शत–प्रतिशत उत्तर देने के लिए प्रतिबद्ध है‚ तब कार्यपालिका में बैठे पदाधिकारियों की लापरवाही और अक्षमता कहीं न कहीं सरकार की इस प्रतिबद्धता को कुंद कर विकास की गति में बाधक बन रही है जो लोकहित में नहीं है।
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि प्रश्नोत्तर काल में ही सदन की आत्मा निवास करती है। सदन में सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों का सरोकार सीधे–सीधे जनता से होता है। इन प्रश्नों से सरकार को जनहित का काम करने और उसके लिए नीति निर्धारण करने में मदद मिलती है। ऐसे में इन प्रश्नों का उत्तर नहीं उपलब्ध कराना घोर लापरवाही मानी जायेगी और इसके लिए कार्यपालिका में बैठे पदाधिकारियों को चिह्नित कर उनकी जवाबदेही तय की जायेगी। ॥ उन्होंने कहा कि जिन विभागों के पदाधिकारी सजग हैं‚ उनका प्रदर्शन बेहतर भी हुआ है‚ उसके लिए उनके नोडल पदाधिकारीगण बधाई के पात्र हैं। श्री सिन्हा ने विधानसभा के वर्तमान सत्र के दौरान प्रश्नों के शत–प्रतिशत जवाब उपलब्ध कराने हेतु सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों को प्रश्नों के लिए निर्धारित तिथि को सत्र शुरू होने के कम से कम एक घंटे पूर्व सभा सचिव और प्रश्न वर्ग के प्रभारी उप सचिव से समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया। इस बैठक के दौरान बिहार विधानसभा के प्रभारी सचिव पवन कुमार पाण्डेय भी उपस्थित थे।






