राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति इन दिनों गर्माई हुई है. खासकर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी को लेकर अंदरुनी घमासान जारी है. पार्टी के अंदर की खेमेबाजी भी दिखने लगी है. तमाम राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच जेडीयू प्रवक्ता डॉक्टर अजय आलोक के ट्वीट से सियासी हलचल और बढ़ गई है. अजय आलोक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बीच गहरे संबंधों का जिक्र किया है. एक और ट्वीट में जेडीयू प्रवक्ता ने जातिगत जनगणना पर भी बड़ा बयान दिया है.
बिहार की सियासत में इस वक़्त JDU कोटा से केंद्र में मंत्री आरसीपी सिंह के फिर से राज्यसभा जाने को लेकर राजनीति बेहद गर्म है. एक तरफ़ आरसीपी सिंह को पूरी उम्मीद है कि उन्हें पार्टी फिर से राज्यसभा भेजेगी. इसमें कहीं से कोई दिक़्क़त नही है और वो अपने हावभाव से ऐसा दर्शा भी रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ़ JDU के शीर्ष नेतृत्व की रहस्यमय चुप्पी संशय को और बढ़ा रहा है. अंदरखाने से ख़बर यह भी है कि इस वक़्त JDU में इसे लेकर ख़ेमेबाज़ी भी तेज हो गई है. अब इसकी तस्वीर भी सामने आने लगी है.
JDU के प्रवक्ता अजय आलोक ने नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के गहरे संबंध को लेकर एक ट्वीट किया है. इससे यह साफ़ है कि आरसीपी सिंह को लेकर JDU में खेमेबाज़ी है. अजय आलोक ने जो ट्वीट किया है, उसमें उन्होंने राजद और JDU के एक साथ आने को लेकर ज़ोरदार हमला तो बोला ही है, नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बेहद गहरे संबंध की ज़िक्र कर बड़ा संदेश देने की भी कोशिश की है. अजय आलोक ने इस ट्वीट में यह बताने की कोशिश है कि चाहे कोई कुछ भी बोले आरसीपी सिंह और नीतीश कुमार की दोस्ती और रिश्ता बेहद गहरा है.
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता की प्रतिक्रिया
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने अजय आलोक के ट्वीट पर कहा कि कौन क्या बोलते हैं, उनका निजी मामला है. नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए क्या कर रहे हैं और क्या किया है, इसका उनके विरोधियों को भी बखूबी अहसास है. पार्टी ने उन्हें अधिकृत किया है कि वह जो भी फ़ैसला लेंगे पार्टी के हर नेता से लेकर कार्यकर्ता तक उसका सम्मान करेंगे. नीरज कुमार ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जो भी फ़ैसला लेंगे वह पार्टी की हित को देखते हुए लेंगे और जो फ़ैसला करेंगे वह JDU के लिए सर्वमान्य होगा.







