राज्यसभा चुनाव 2022 की गतिविधियां बढ़ गई हैं. विभिन्न राजनीतिक दल अपनी तरफ से प्रत्याशियों की घोषणा करने में जुटे हैं. राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार का दिन बिहार के लिहाज से काफी अहम रहा. प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने राज्यसभा चुनाव के लिए 2 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी. राजद की ओर से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती और पार्टी के वरिष्ठ नेता फैयाज अहमद पर्चा दाखिल करेंगे. आरजेडी के दोनों प्रत्याशी शुक्रवार को 11:30 बजे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरेंगे. बता दें कि मीसा भारती पिता लालू प्रसाद यादव के साथ बुधवार देर शाम को दिल्ली से पटना पहुंची थीं.
राजद के दोनों उम्मीदवारों ने गुरुवार को विधानसभा से राज्यसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन फॉर्म लिया. मीसा भारती और फैयाज अहमद ने इसके साथ ही जमानत की राशि भी जमा करवाई. बताया जा रहा है कि आरजेडी के दोनों प्रत्याशी शुक्रवार यानी 27 मई 2022 को सुबह 11:30 बजे पर्चा दाखिल करेंगे. बता दें कि मीसा भारती के राज्यसभा की सदस्यता समाप्त हो रही है. इसे देखते हुए आरजेडी ने उन्हें फिर से उच्च सदन के लिए अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया. मीसा भारती पिता लालू प्रसाद यादव के साथ बुधवार को ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रदेश की राजधानी पटना पहुंची थीं. इस मौके पर जब उनसे राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि यह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे.







