नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव संपूर्ण क्रांति दिवस के मौके पर महागठबंधन की ओर से पांच जून को राज्य की एनडीए सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। बिहार विधान परिषद के स्थानीय निकाय कोटे की 24 सीटों के चुनाव एवं बोचहां विधानसभा सीट के उपचुनाव के बाद लगातार बैठकें कर रहे तेजस्वी मंगलवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचें और घटक दलों के साथ बैठक की। उन्होंने महागठबंधन में शामिल वामदलों के नेताओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया था।
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने मीडिया से बातचीत में महागठबंधन की ओर से राज्य सरकार के डेढ़ साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी करने की घोषणा की। आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने रोजगार से लेकर भ्रष्ट्राचार पर नियंत्रण को लेकर जो दावे किए थे, वे सब खोखले साबित हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल है। सरकार को बताना होगा कि 19 लाख रोजगार का क्या हुआ। बापू सभागार में महागठबंधन की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर रिपोर्ट कार्ड पर विशेष चर्चा करेंगे। महागठबंधन की बैठक में कांग्रेस के नेता शामिल नहीं थे।
तेजस्वी ने कहा कि हर महीने एक बार बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार नियंत्रण सहित अन्य मुद्दों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।





