रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 12वें दिन भी जारी है। रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव पर लगातार कब्जे की कोशिश कर रही है। इसी बीच रूस और यूक्रेन में आज सोमवार को तीसरे दौर की वार्ता भी होगी। बातचीत के बीच रूस लगातार यूक्रेन के शहरों पर हमले कर रहा है। इससे इन शहरों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी बीच भारत यूक्रेन में फंसे अपने देश के नागरिकों को भारत लाने के सभी प्रयासों में जुटा हुआ है। रोज कई फ्लाइट्स ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय छात्रों को यूक्रेन और आसपास के पड़ोसी देशों से लेकर आ रही है। इसी बीच सुमी में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए भारतीय दूतावास पूरी कोशिश में जुटा हुआ है। उधर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि अभी तक 76 उड़ानों के माध्यम से 15,920 से अधिक छात्रों को सफलतापूर्वक निकाला गया है।
रूस ने चार शहरों में किया युद्ध विराम का ऐलान
रूस और यूक्रेन के बीच जंग के 12वें दिन रूस ने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध विराम का ऐलान किया है। रूस ने यूक्रेन के चार शहरों कीव, मारउपोल खारकीव और सुमी दोपहर 12.30 बजे से सीजफायर का ऐलान किया है। इस दौरान रूस ड्रोन से लोगों को निकालने की गतिविध पर ध्यान से नजर रखेगा। रूस का आरोप है कि इस सीजफायर की अवधि में यूक्रेन कुछ गड़बड़ कर सकता है।
रूस ने किया सीजफायर का ऐलान
फ्रांस के राष्ट्रपति के अनुरोध पर लोगों को बाहर निकालने के लिए रूस ने सीजफायर का ऐलान किया।
जेलेंस्की से बात करेंगे मोदी
रूस और यूक्रेन में जंग के हालातों के बीच पीएम मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से भी चर्चा करेंगे।
आज पुतिन से बात करेंगे मोदी, जेलेंस्की से भी बात
पीएम नरेंद्र मोदी आज रुस के राष्टपति व्लादिमीर पुतिन से चर्चा करेंगे। वे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से भी बात करेंगे।
स्पेशल फ्लाइट दिल्ली आई, छात्रों ने बताई आपबीती
दिल्ली: यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र स्पेशल फ्लाइट से बुडापेस्ट से दिल्ली पहुंचे। एक छात्रा ने बताया, “बॉर्डर तक पहुंचना बहुत मुश्किल था, हमें लगभग 25 किलोमीटर चलना पड़ा। उसके बाद भारतीय दूतावास ने हमारी मदद की। इससे हमारी पढ़ाई खराब नहीं होनी चाहिए।”
रूस-यूक्रेन में तीसरे दौर की बातचीत
रूस और यूक्रेन की जंग जारी है। रूस लगातार हमले कर रहा है। इसी बीच आज दोनों देशों में तीसरे दौर की बातचीत के बाद कुछ हल निकल सकता है।