यूक्रेन पर रूस के हमले के नौवें दिन आज भी भीषण जंग जारी है। कीव से करीब 500 किलोमीटर दूर एनेरहोदार में यूरोप में सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर कब्ज़े की जंग तेज हो गई है। यूक्रेन की सेना शहर के बाहरी इलाकों में रूसी सेना से लड़ रही है। उधर, इमरजेंसी सर्विसेस के हवाले से मिली खबर के मुताबिक चेर्नीहाइव में एयर स्ट्राइक में 22 लोग मारे गये हैं। वहीं राजधानी कीव से 20 किलोमीटर की दूरी पर रूसी सेना और यूक्रेन की सेना के बीच भीषण लड़ाई चल रही है। खारकीव और इज़ियुम में रिहायशी इलाकों में भारी गोलाबारी की खबर है।
उधर, दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की बातचीत में नागरिकों को सेफ पैसेज देने पर सहमति बनी है। बैठक के बाद रूस के प्रतिनिधिमंडल ने पुष्टि की है कि मॉस्को और कीव के बीच यूक्रेन में नागरिकों के लिए निकासी मार्ग स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। रूस का यह भी कहना है कि युद्धविराम पर भी प्रगति हो रही है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय से भी इस बात की पुष्टि की गई है कि नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सेफ कॉरिडोर बनाने पर सहमति बनी है।
यूक्रेन के शहर सुमी में फंसे छात्रों ने सोशल मीडिया के जरिये लगाई मदद की गुहार
यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच, उत्तरपूर्वी शहर सुमी में फंसे कुछ भारतीय छात्रों ने मदद के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। तेजी से खत्म होते भोजन और पानी को देखते हुए यह छात्र हर घंटे अपने बारे में जानकारी दे रहे हैं और सहायता के लिए सरकार से गुहार लगाते हुए कह रहे हैं कि इससे पहले कि स्थिति बदतर हो जाए और वे “शव में बदल जाएं”, सरकार को उन्हें बचाना चाहिए। उन छात्रों में से एक महक शेख ने बृहस्पतिवार को आठ सेकंड का एक वीडियो डाला और शहर में एक धमाके जैसी घटना के बारे में बताया। शेख ने एक पोस्ट में लिखा, “पूरे शहर में अंधेरा है, बिजली पानी कुछ नहीं है और पास में कई धमाके हो रहे हैं। नेटवर्क भी धीमा है।”
यूक्रेन में परमाणु संयंत्र पर हमले से विकिरण स्राव नहीं : यूएन एजेंसी
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की परमाणु निगरानी एजेंसी के प्रमुख ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि यूक्रेन में हमले के शिकार हुए परमाणु संयंत्र से विकिरण स्राव नहीं हुआ है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने कहा कि जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र की एक इमारत को निशाना बनाए जाने के बाद से आईएईए संबंधित संयंत्र के प्रबंधन और यूक्रेनी परमाणु नियामक एजेंसी के संपर्क में है। ग्रॉसी के मुताबिक, हमले से परमाणु संयंत्र में आग लग गई थी, जिस पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि आग में घटनास्थल पर मौजूद दो लोगों के घायल होने की खबर है। आईएईए प्रमुख के अनुसार, परमाणु संयंत्र के संचालक और नियामक एजेंसी कह रही है कि वहां ‘हालात बेहद तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।’ ग्रॉसी ने बताया कि जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र का महज एक रिएक्टर काम कर रहा है, वो भी लगभग 60 फीसदी क्षमता के साथ।






