रविवार की सुबह भारत सरकार के विदेश मंत्रालय‚ स्थानिक आयुक्त एवं बिहार फाउंडेशन के सहयोग से यूक्रेन में फंसे बिहार मूल के छात्र–छात्राओं का जत्था रविवार को विमान से पटना हवाई अड्डा पहुंचा। मौके पर सूबे के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सभी छात्र–छात्राओं से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस मौके पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन एवं जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी उपस्थित थे।
इस मौके पर संवाददाताओं से मुखातिब होते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एवं बिहार राज्य के सबल एवं संवेदनशील नेतृत्व की बदौलत बिहार मूल के रहने वाले छात्र–छात्राओं की वतन वापसी का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति से दूरभाष पर बात कर भारत की चिंताओं से अवगत कराया था। भारतीय विदेश मंत्रालय यूक्रेन के अधिकारियों से लगातार संपर्क बना कर उन्हें वापस लाने की कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यूक्रेन में फंसे बिहार मूल के छात्र –छात्राओं को मुंबई एयरपोर्ट से उनके गृह जिला पहुंचाने की जिम्मेवारी बिहार फाउंडेशन को एवं दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे छात्र–छात्राओं को बिहार लाने की जिम्मेवारी स्थानिक आयुक्त को दी है। बिहार आ रहे इन सभी छात्र–छात्राओं की यात्रा का खर्च बिहार सरकार वहन करेगी।
गौरतलब है कि २६ फरवरी को एयर इंडिया की फ्लाइट से यूक्रेन में फंसे बिहार मूल के कुल १६ छात्रों को मुंबई वापस लाए जाने की सूचना प्राप्त हुई‚ जिनमें से छह बिहार मूल के छात्र मुंबई हवाई अड्डे पर उतरे। इनमें एक छात्रा सुश्री सुप्रिया कुमारी को दिल्ली जाना था‚ फलतः उन्हें स्थानिक आयुक्त‚ नई दिल्ली के प्रतिनिधि को सौंपा गया। इन छात्रों के लिए बिहार फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर ने अल्पाहार इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पटना वापसी के निःशुल्क इंतजाम सुनिश्चित किए। इसमें बिहार फाउंडेशन‚ मुंबई चैप्टर के अध्यक्ष अभय कुमार के नेतृत्व में नूर मोहम्मद‚ आदित्य बाठला‚ विकास सेमिल‚ विश्वास नागी सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। नई दिल्ली से सात छात्रों को बिहार लाया गया है। सभी छात्र–छात्राओं को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनके अभिभावकों को सौंपा गया है। इस मौके पर पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह‚ जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी‚ बिहार फाउंडेशन के विशेष कार्य पदाधिकारी सुशील कुमार‚ प्रबंधक विकास सरकार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने छात्रों की सकुशल वापसी पर जताया संतोष
उप मुख्यमंत्री व आपदा प्रबंधन विभाग की मंत्री रेणु देवी ने बिहारी छात्रों की रविवार को यूक्रेन से पटना सकुशल वापसी पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार बाकी छात्रों की भी जल्द सकुशल वापसी के लिए प्रयत्नशील है। यूक्रेन में फंसे बिहारियों की सहायता के लिए राज्य सरकार विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क में है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। रेणु देवी ने कहा है कि सरकार यूक्रेन में फंसे बिहार के छात्रों की सूची के अनुसार उनके घर तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था कर रही है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर और ई–मेल भी जारी किए गए हैं‚ जो २४ घंटे काम कर रहे हैं। इसकी निगरानी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कर रहे हैं।







