प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में वायुसेना के हेलिकॉप्टर क्रैश को लेकर दुख जताया और जान गवाने वाले सभी के परिवारों के प्रति अपने संवेदनाएं व्यक्त कीं। बता दें कि हादसे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों सहित कुल 13 की मौत हो गई। यह हादसा तमिलनाडु के कुन्नूर में हुआ।
हादसे पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा, “मैं तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें हमने जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को खो दिया है। उन्होंने पूरी लगन से भारत की सेवा की। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।”
पीएम मोदी ने सच्चा देशभक्त बताया
मैं इस हादसे से व्यथित हूं जिसमें हमने जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को खो दिया है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। जनरल बिपिन रावत ने पूरी लगन से भारत की सेवा की। वह एक सच्चे देशभक्त और एक उत्कृष्ट योद्धा थे। उन्होंने हमारे सशस्त्र बलों और सुरक्षा तंत्र के आधुनिकीकरण में बहुत योगदान दिया। सामरिक मामलों पर उनकी अंतर्दृष्टि और दृष्टिकोण असाधारण थे। उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। ओम शांति…
देश ने खोए वीर सपूत : राष्ट्रपति
जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका जी के असामयिक निधन से स्तब्ध और व्यथित हूं। आज देश ने अपने सबसे बहादुर सपूतों में से एक को खो दिया है। मातृभूमि के लिए उनकी चार दशकों की निस्वार्थ सेवा असाधारण वीरता से परिपूर्ण थी। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी योद्धाओं को श्रद्धांजलि। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।






