कुशेश्वरस्थान और तारापुर में होने वाले उप चुनाव के लिए शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। दिवंगत विधायक शशिभूषण हजारी के पुत्र अमन हजारी को कुशेश्वरस्थान से टिकट दिया गया है। वहीं तारापुर से राजीव सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जनता दल यूनाइडेट (जदयू) अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने प्रेस कांन्फ्रेंस में प्रत्याशियों के नाम का एलान किया।
बता दें कि पहले से ही इस बात की अटकलें थीं कि तारापुर से राजीव सिंह और कुशेश्वरस्थान से अमन हजारी पर एनडीए भरोसा जता सकता है। अमन हजारी दिवंगत विधायक शशिभूषण हजारी के बेटे हैं। वहीं राजीव जदयू के पुराने नेता हैं। पहले तारपुर से चुनाव में हाथ आजमा भी चुके हैं, मगर मात्र 500 मतों से हार गए थे। कुशेश्वरस्थान की सीट एक दशक से जदयू के पास ही रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में जदयू के शशिभूषण हजारी को 53,980 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के अशोक कुमार ने 46,758 मत हासिल किए थे। लोजपा की पूनम कुमारी पर 13,362 वोटरों ने भरोसा जताया था। वहीं साल 2015 के इलेक्शन में जदयू के टिकट पर शशिभूषण हजारी काफी अंतर से चुनाव जीत लिया था। उस समय केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान के दामाद मृणाल लोजपा के प्रत्याशी थे, उन्हें 25.98 प्रतिशत वोट ही मिले थे। वहीं शशिभूषण पर 43.04 लोगों ने भरोसा जताया था। शशिभूषण हजारी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में यहां 2010 का विधानसभा चुनाव जीता था। इसलिए उनके नाम का यहां महत्व है। उनके पुत्र अमन हजारी को जदयू यहां से उतारने की तैयारी में है।