बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है। गुरुवार को पटना में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश ने कहा कि यह महंगाई मौसमी नहीं, यह मोदी महंगाई है। इस सरकार ने अपने पूंजीपति मित्रों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है और उन्हेंं लूट की खुली छूट दे दी है। मोहन प्रकाश ने कहा कि पेट्रो पदार्थों की कीमत बढऩे से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान अंबानी-अडानी ने अपने पेट्रोल पंप बंद कर दिए थे। आज मोदी सरकार के संरक्षण में वे तेल से मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड आयल (कच्चा तेल) की कीमतों में कमी के बावजूद यह सरकार आम जनता को तेल के नाम पर लूट रही है।
उन्होंने कहा कि संप्रग के शासन-काल में जब सुनामी आई तो पूरा विश्व भारत को मदद की पेशकश कर रहा था, लेकिन मनमोहन सिंह की सरकार ने स्वयं ही इस आपदा पर नियंत्रण प्राप्त किया। आज केंद्र की मोदी सरकार बांग्लादेश से लेकर केन्या तक से मदद की गुहार लगा रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों पर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है, जबकि क्षेत्रीय दलों में राजद को छोड़कर कोई दूसरा दल ऐसे मुद्दों पर मुखर होकर विरोध नहीं करता। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जनसंख्या अभी स्थिर है। कुछ राज्यों में यह राष्ट्रीय औसत से कम है। बावजूद सरकार चुनावी लाभ के लिए जनता को दिग्भ्रमित कर असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास और कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर शनिवार को पटना की सड़कों पर साइकिल चलाएंगे। सात से 17 जुलाई के बीच कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। इस अभियान के समापन पर 17 जुलाई को पटना में कांग्रेस नेताओं की साइकिल रैली का आयोजन है।