नई दिल्ली में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने अपने संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग उठाई है. बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया. पार्टी ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के लिए रामविलास पासवान के योगदान का हवाला देते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने की मांग की. केंद्रीय मंत्री और पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि यह उनकी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण फैसला है.
रामविलास पासवान को भारत रत्न की मांग
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी ने रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया है. उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने लंबे राजनीतिक जीवन में गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाया. पार्टी ने इस मांग को अपने संस्थापक की राजनीतिक और सामाजिक विरासत से जोड़कर देखा है. चिराग ने बैठक में एक और महत्वपूर्ण मांग का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भी भारत रत्न दिया जाना चाहिए.
राष्ट्रीय युवा और किसान आयोग की मांग
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में केवल सम्मान से जुड़े प्रस्ताव ही नहीं लिए गए. पार्टी ने राष्ट्रीय युवा आयोग और राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन की मांग को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया. चिराग पासवान के मुताबिक देश में युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों के लिए अलग संस्थागत व्यवस्था की जरूरत है. पार्टी का कहना है कि इन दोनों वर्गों से जुड़े विषयों पर नीतिगत स्तर पर ज्यादा प्रभावी तरीके से काम किया जाना चाहिए.
यूपी और पंजाब में चुनाव लड़ेगी पार्टी
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी LJP रामविलास ने अपना रुख स्पष्ट किया है. चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश और पंजाब दोनों राज्यों में चुनाव लड़ेगी. हालांकि, दोनों राज्यों में पार्टी किस गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी, इसका स्वरूप अभी स्पष्ट नहीं है. चिराग ने कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला बाद में होगा, लेकिन पार्टी दोनों राज्यों में चुनाव लड़ेगी.
झारखंड छात्र आंदोलन पर चिराग की अपील
झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर चिराग पासवान ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र हैं और उन्हें राजनीतिक आधार पर बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. चिराग ने कहा कि जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन हुआ था तो विपक्षी दलों के लोग मंच पर पहुंचे थे. वहीं झारखंड में प्रदर्शन होने पर कोई इसे विदेशी फंडिंग तो कोई इसे NDA से जोड़ रहा है. उन्होंने राजनीतिक दलों से छात्रों को इस तरह बांटने से बचने की अपील की. चिराग ने कहा कि छात्र आंदोलन का समाधान राज्य सरकार को बातचीत के जरिए निकालना चाहिए. संबंधित विभाग के मंत्री और मुख्यमंत्री को छात्रों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए.
संसद के गतिरोध पर विपक्ष पर हमला
संसद में जारी गतिरोध को लेकर भी चिराग पासवान ने विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की वजह से सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह संसद चलाने की कोशिश हुई तो आने वाले सत्रों में भी यही स्थिति देखने को मिल सकती है. उनके मुताबिक विपक्ष किसी न किसी मुद्दे को लेकर सदन के शुरुआती सप्ताह में कार्यवाही बाधित करने का रास्ता अपनाता है.
परिसीमन पर समर्थन, दक्षिणी राज्यों की चिंता पर बात
परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर चिराग पासवान ने केंद्र के रुख का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि दक्षिणी राज्यों की चिंता यह है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर उनकी लोकसभा सीटों की संख्या कम हो सकती है. हालांकि चिराग ने दावा किया कि प्रस्ताव में किसी राज्य को प्रतिशत के हिसाब से सीटों का नुकसान नहीं होगा. उन्होंने क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस से इस प्रस्ताव का समर्थन करने की अपील की. चिराग ने कहा कि महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी दलों को इसे महिला विरोधी नजर आने से बचने के लिए समर्थन देना चाहिए.







