अन्य राज्यों में भी जमकर बारिश
दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे की बारिश के आंकड़े
दिल्ली-एनसीआर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं। दिल्ली में टुकमीरपुर, खजूरी में 160 मिलीमीटर, सफदरजंग में 73 मिलीमीटर, पालम में 63 मिलीमीटर, लोधी रोड में 80 मिलीमीटर, रिज में 78 मिलीमीटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिलीमीटर हुई। वहीं गाजियाबाद में हिंडन में 134 मिलीमीटर और कमला नेहरू नगर में 164 मिलीमीटर बारिश हुई। गुरुग्राम में नॉर्थ कैप विश्वविद्यालय में 27 मिलीमीटर और केवीके में 36 मिलीमीटर बारिश हुई। गौतम बुद्ध नगर के टांडा में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश से NH-24 पर जलभराव, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गाजीपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (NH-24) पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है. स्थिति सामान्य करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें जल निकासी का काम कर रही हैं. पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. वाहन चालक सेक्टर-62 से वसुंधरा, बुद्ध चौक और मोहन नगर होते हुए सीमापुरी के रास्ते दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम, गाजियाबाद में सड़कों पर नाव चलाने की नौबत
पिछले कई घंटों से जारी भारी बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर जलभराव होने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन रेंगते नजर आए. सड़कों पर भरे पानी के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा के सेक्टर-6 में तेज बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पेड़ गिर गया. दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर भी भारी बारिश के कारण पेड़ धराशायी हो गया. हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने में जुटा है.
दिल्ली ही नहीं, गुरुग्राम में भी हालत खराब
मानसून की भारी बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटी साइबर सिटी को पूरी तरह ठप कर दिया है. बारिश में सड़कें दरिया बन गईं और कारें पानी में फंस गई हैं. हर साल की तरह इस साल भी गुरुग्राम का वही हाल है.नालियों और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, पुरानी नालियों का जाम होना, ड्रेनेज सिस्टम का ठीक से काम नहीं करने की वजह से बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर जलभराव है. जिससे गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.







