मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इसको लेकर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि इस अवसर पर राष्ट्रपति का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली जाने के पहले पटना में उन्होंने एक कार्यक्रम में बताया था कि तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित तिलका मांझी की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए मैं राष्ट्रपति से मिलकर उनसे आग्रह करूंगा। दिल्ली में शुक्रवार को उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इस दौरान बिहार में किसानों के सशक्तीकरण तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से चर्चा की।
नीतीश कुमार से भी की मुलाकात :
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली के दो दिवसीय दौरे से दोपहर बाद पटना लौटे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर गए और उनसे मुलाकात की।
दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातें हुईं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे से संबंधित जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री से साझा की। साथ ही राज्य के विकास कार्यों तथा वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई।







