चार दिवसीय महापर्व चैती छठ का आज (गुरुवार) तीसरा दिन है. आज पहला अर्घ्य दिया जाएगा. बीते बुधवार को खरना के बाद से छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया है. आज शाम में छठ व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे. कल (शुक्रवार) सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा. इसके साथ ही व्रत समाप्त हो जाएगा. बिहार की राजधानी पटना में छठ घाट तैयार हो चुके हैं. जिला प्रशासन की टीम मुस्तैद है.
आज के दिन सुबह से ही छठ व्रती के अलावा घर के सदस्य भी स्नान आदि कर ठेकुआ और अन्य प्रसाद बनाने में जुट जाते हैं. क्योंकि शाम में अर्घ्य देना होता है. ठेकुआ-पकवान के साथ नारियल और फलों से सूप को सजाकर व्रती आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे. पटना की बात की जाए तो थोक फल मंडी बाजार समिति में सुबह तीन-चार बजे से ही लोग खरीदारी करने के लिए पहुंच जाते हैं. हालांकि फलों की खरीदारी की भीड़ बीते बुधवार से ही बाजार में दिख रही है.
गंगा घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था
आज दोपहर बाद छठ व्रती घाट के लिए निकल जाएंगे. पटना जिला प्रशासन की ओर से सभी गंगा घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है. गंगा घाटों के अलावा पटना के कच्ची तालाब (गर्दनीबाग) और चिड़ियाघर समेत कुल सात जगहों पर तालाब में अर्घ्य देने के लिए इंतजाम किया है. श्रद्धालुओं को घाट एवं तालाब तक पहुंचाने के लिए रास्तों में गाड़ियों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है. घाटों से कुछ दूर पहले ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है. सभी घाट पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं.
एक नजर में देखें जिला प्रशासन की गाइडलाइंस
- भीड़ में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का विशेष ध्यान रखें.
- पूजा के लिए घर से निकलते समय अपने बच्चों के पॉकेट में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर अवश्य रखें.
- बच्चों का हाथ कभी न छोड़ें, उन्हें इधर-उधर जाने न दें.
- किसी भी प्रकार का अफवाह न फैलाएं और न ही उस पर ध्यान दें.
- पटाखे एवं ज्वलनशील पदार्थ साथ न ले जाएं. धूम्रपान व किसी भी नशे का सेवन न करें. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलाएं.
- सड़क पर धीरे-धीरे जाएं, कतारबद्ध होकर जाएं, जल्दबाजी बिल्कुल न करें.
- सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें, स्वयं भी सुरक्षित रहें और अन्य लोगों को भी सुरक्षित रखें.
- सुरक्षा जांच आपके एवं आपके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है. अतः सुरक्षा जांच में सहयोग करें.
- किसी भी प्रकार की लावारिस वस्तु या संदिग्ध वस्तु अगर आपको दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत डायल- 112 या वहां पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष या नियंत्रण कक्ष को दें.
- पटना जिला नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या 0612-2219810/2219234, डायल- 112 या पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9470001389 पर सूचना दे सकते हैं.
सभी घाटों के पास पार्किंग की व्यवस्था
सभी घाटों के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. पटना यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं को गंगा घाट तक जाने के लिए उचित सुविधा मुहैया कराई है. साथ ही जिन घाटों पर जाना है, उन घाटों के आस-पास कहां पर गाड़ी पार्किंग की जाएगी उसके बारे में भी जानकारी दी गई है.
पटना यातायात पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि पटना जिले में के मुख्य और बड़े घाटों पर पार्किंग और यातायात संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पार्किंग स्थल बनाया गया है. छठ का अर्ध्य देने के लिए घाट तक पहुंचाने के लिए कुल पटना शहरी क्षेत्र में कुछ 7 पॉइंट बनाए गए हैं. इन सात प्वाइंट में कुल 125 पुलिस पदाधिकारी और उनके साथ 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है.
यह पुलिसकर्मी छठ के लिए सुचारू रूप से यातायात प्रबंधन करेंगे, जिससे कि आप आसानी से घाट पर जा सके और छठ व्रत कर सकें. उन्होंने अनुरोध किया है कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के वाहनों के पार्किंग के लिए स्थल चयन किया गया है. उनमें बड़े घाटों पर जगह के अनुसार छोटी और बड़ी बस से लेकर फोर व्हीलर गाड़ियों और बाइक पार्किंग की भी जगह बनाई गई है.
कहीं-कहीं जगह कम होने के कारण सिर्फ बाइक का पार्किंग स्थल बनाया गया है. दानापुर में कैंट एरिया के पास हॉकी ग्राउंड में आरा गोलंबर के पास जो टेंपो स्टैंड है वहां पर बड़े वाहन और छोटे वाहन को पार्किंग करने की जगह बनाई गई है. इसके अलावा जहां पर खाली जगह होगी, वहां बाइक पार्किंग किया जा सकता है.
जेपी सेतु के पास पाटी पुल घाट, मीनार घाट, जनार्दन घाट है, इनमें जनार्दन घाट के पास बड़ी और छोटी बस की पार्किंग कर सकते हैं. जनार्दन घाट के पास ही जो जेपी पथ का गोलंबर है, वहां पर बाइक पार्किंग की जा सकती है. उसके आगे घाट संख्या 83, 88 और 93 है. वहां गंगा के साइड में खाली जगह पर पार्किंग की जा सकती है. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करेंगे तो आप सुरक्षित भी रहेंगे और सही ढंग से छठ पूजा कर सकते हैं.
सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी. अगर किन्हीं को कोई परेशानी होती है तो पुलिस पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. कलेक्ट्रेट घाट के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. कलेक्टर घाट जाने के लिए जेपी सेतु के पास जो खाली जगह है, वहां पर पार्किंग करेंगे. उसके आगे कालीघाट, कदम घाट और पटना कॉलेज के जो घाट हैं, वहां जाने के लिए पटना कॉलेज की जो खाली जगह है, वहां वाहन पार्किंग करेंगे.
इन जगहों पर होगी गाड़ी की पार्किंग
एनआईटी घाट जाने वाली गाड़ी की पार्किंग साइंस कॉलेज परिसर में होगी. पटना सिटी क्षेत्र में पांच जगह पर पार्किंग स्थल बनाया गया है. सिटी स्कूल में पार्किंग स्थल बनाया गया है. मंगल तालाब के पास पार्किंग स्थल बनाया गया है. पटना सिटी स्टेशन के पास भी पार्किंग स्थल बनाया गया है. इसके अलावा दीदारगंज की ओर गंगा घाट पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बाजार समिति में पार्किंग स्थल बनाया गया है.







